बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में पांच दिन पहले हुई लूट की वारदात का कनेक्शन अब मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गया है। वारासिवनी तहसील के ग्राम डोरली में मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। टीम आरोपी की निशानदेही पर यहां आई थी।
पैरे के नीचे छिपाकर रखे थे करोड़ों
आरोपी ने लूट की रकम अपने एक परिचित के खेत में पैर के ढेर के नीचे छिपा रखी थी। बताया गया कि उसने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में नगदी भरकर यह रकम वहां रखी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीन बोरियाँ बरामद कर लीं। शुरुआती जानकारी मुताबिक, बरामद रकम चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
डोरली में जारी है नकदी की गिनती
फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम बरामद नकदी की गिनती कर रही है। इसलिए रकम का सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। वहीं, वारासिवनी थाने के टीआई ने मामले की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, पूरी कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है। स्थानीय पुलिस मौके पर सहयोगी की भूमिका में मौजूद है।
अब भी बाकी हैं कई सवाल
नागपुर की लूट की रकम बालाघाट के खेत तक कैसे पहुंची, आरोपी ने नकदी किसके पास छिपाई और इस वारदात में और कौन-कौन शामिल है, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद बरामद रकम और पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ हो सकेगी।