नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नारायणी (गंडक) नदी में बहकर भारत के कुशीनगर जिले तक पहुंचे पांच शवों को मंगलवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
राजेश जायसवाल, महराजगंज: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नारायणी (गंडक) नदी में बहकर भारत के कुशीनगर जिले तक पहुंचे पांच शवों को मंगलवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। शवों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
नेपाल में आए फ्लैश फ्लड के कारण ये शव नदी के तेज बहाव में बहते हुए भारत की सीमा में पहुंच गए थे। इनमें दो शव कुशीनगर जिले के बरवा पट्टी थाना क्षेत्र से, जबकि तीन शव खड्डा थाना क्षेत्र में गंडक नदी से बरामद किए गए थे।
मंगलवार की शाम करीब चार बजे कुशीनगर प्रशासन की टीम उपजिलाधिकारी विवेकशील यादव, तहसीलदार देवेन्द्र यादव और तहसीलदार संदीप यादव के नेतृत्व में शवों को लेकर सोनौली पहुंची। यहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी पांचों शव नेपाल पुलिस के बेलहिया पुलिस इंचार्ज उपनिरीक्षक हरीराम दांगी को सौंप दिए गए।
इसके बाद नेपाल पुलिस शवों को शववाहनों में रखकर बुटवल के लिए रवाना हो गई। इस दौरान सोनौली चौकी प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।