Breaking News
  • देश में आज कई जगह मनाई जा रही रामनवमी, शेयर बजार भी रहेगा बंद
  • अक्षरधाम मंदिर में 108 फीट ऊंची नीलकंठ वर्णी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
  • पीएम मोदी फिर बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता, ट्रंप छूटे पीछे
  • भारत के लिए ईरान ने खोला होर्मुज, निर्बाध आ जा सकेंगे जहाज
  • आंध्र प्रदेश में बड़ी दुर्घटना: लॉरी से टकराई बस, आग में जिंदा जले आठ लोग
  • 48 साल बाद जगन्नाथ मंदिर के रत्नों की गिनती शुरू: जेमोलॉजिस्ट, बैंक अफसर मौजूद रहे
  • केंद्र से UDAN 2.0 योजना को मंजूरी, 100 एयरपोर्ट बनेंगे
  • 28 मार्च से IPL का सबसे बड़ा सीजन: 84 मैच खेले जाएंगे, हर टीम 16 मुकाबले खेलेगी

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़ > बिलासपुर

Bilaspur Bird Flu Outbreak: 22,808 Birds Culled

बिलासपुर में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा: 22,808 पक्षी और 25,896 अंडे नष्ट, जू बंद

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद 22,808 पक्षी और 25,896 अंडे नष्ट किए गए। शुरुआती लापरवाही के आरोप, सप्लाई जारी रहने से बढ़ा खतरा।


बिलासपुर में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा 22808 पक्षी और 25896 अंडे नष्ट जू बंद 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में 17 मार्च से पहले ही मुर्गे-मुर्गियों की मौत शुरू हो गई थी, लेकिन शुरुआती दौर में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में करीब 100 मुर्गों की मौत हुई, जिसे सामान्य बीमारी या मौसम परिवर्तन मानकर नजरअंदाज कर दिया गया।

जांच में देरी, बढ़ा संक्रमण का खतरा

लगातार मौतों के बावजूद करीब 6 दिन बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जब रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, तब प्रशासन हरकत में आया। इस देरी को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इस दौरान पोल्ट्री फार्म से पूरे संभाग में मुर्गे, चूजे और अंडों की सप्लाई जारी रही, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ गई।

हजारों पक्षी और अंडे किए गए नष्ट

संक्रमण की पुष्टि के बाद बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने अब तक 22,808 पक्षियों और 25,896 अंडों को नष्ट कर दिया है। इनमें 5 हजार से अधिक मुर्गियां, 5 हजार बटेर, 600 बतख और करीब 17 हजार चूजे शामिल हैं। इसके अलावा 79 क्विंटल दाना और लाखों रुपए की सामग्री भी नष्ट की गई है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

खुले में फेंके गए मरे हुए पक्षी

इस बीच शहर के अलग-अलग इलाकों से मरे हुए पक्षियों को खुले में फेंके जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। खमतराई क्षेत्र में ड्रीम सिटी कॉलोनी के पास नालियों में बोरियों में भरी मरी हुई मुर्गियां फेंकी गईं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने सुरक्षित निपटान का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हुआ, जिससे संक्रमण और बदबू का खतरा बढ़ गया।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और सर्वे जारी

 प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है। देवनंदन नगर क्षेत्र में 14 सदस्यीय टीमों ने डोर-टू-डोर सर्वे किया, जिसमें 156 घरों के 636 लोगों की जांच की गई। इस दौरान 9 लोगों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण पाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लक्षण दिखने पर ही सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।

संक्रमित और निगरानी क्षेत्र घोषित

पशु चिकित्सा विभाग ने पोल्ट्री फार्म के 1 किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित जोन और 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया है। इस क्षेत्र में मुर्गों की खरीदी-बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, इसके बावजूद आसपास के गांवों में खुलेआम मुर्गों की बिक्री की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

कानन पेंडारी जू बंद

बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क को 7 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रबंधन ने परिसर में सैनिटाइजेशन बढ़ा दिया है और सभी पक्षियों की निगरानी की जा रही है। फिलहाल जू में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन यह कदम उठाया गया है।