भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक महीने की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। पुलिस अब CCTV फुटेज से उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
राजधानी के भोपाल रेलवे स्टेशन पर इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित ऑटो स्टैंड पर खड़े एक ऑटो में करीब एक माह की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस बच्ची को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति और उसके परिजनों की तलाश में जुटी है।
ऑटो चालक को मिली बच्ची, तुरंत पुलिस को दी सूचना
जीआरपी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि ऑटो स्टैंड पर खड़े एक ऑटो में एक नवजात बच्ची छोड़ी गई है। जांच में सामने आया कि ऑटो चालक शकील सवारी लेने स्टेशन की ओर गया था। इसी दौरान अन्य ऑटो चालकों ने उसे बताया कि उसके ऑटो में एक बच्ची पड़ी हुई है। शकील ने बिना देर किए इसकी जानकारी पुलिस को दी।
गुलाबी टी-शर्ट और तौलिये में लिपटी मिली मासूम
पुलिस के अनुसार बच्ची की उम्र करीब एक माह है। उसने गुलाबी रंग की हाफ टी-शर्ट और डायपर पहन रखा था। उसे पीले-हरे रंग के सूती कपड़े और गुलाबी तौलिये में लपेटकर ऑटो में छोड़ दिया गया था। राहत की बात यह रही कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ मिली। जीआरपी ने उसे इंदिरा गांधी महिला एवं बाल चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित संरक्षण में रख दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 93 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार के साथ-साथ ऑटो स्टैंड के आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है, ताकि बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
परिजनों तक पहुंचने की कोशिश जारी
जीआरपी की टीम स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में भी लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची को ऑटो तक कौन लेकर आया और उसे वहां छोड़कर कौन गया। अधिकारियों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही बच्ची के माता-पिता या परिजनों तक पहुंचा जा सकेगा।