सान्वी और समन्वी नाहर ने 3 साल 9 माह की उम्र में ड्रम बजाकर सबसे कम उम्र की 'महिला ड्रमर' का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
महज तीन वर्ष नौ माह की उम्र में भोपाल की जुड़वां बहनें सान्वी नाहर और समन्वी नाहर ने ड्रम बजाकर सबसे कम उम्र की 'महिला ड्रमर' का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दोनों बहनों का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में दर्ज किया गया है। उन्हें ब्रिटेन की संसद के हाउस ऑफ कॉमंस में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
1 मिनट 20 सेकेंड की प्रस्तुति से बना विश्व रिकॉर्ड
सान्वी और समन्वी ने 21 मार्च 2026 को निर्धारित संगीत ट्रैक पर लगातार 1 मिनट 20 सेकेंड तक ड्रम बजाकर यह उपलब्धि हासिल की। इस प्रदर्शन के बाद संस्था की ओर से उन्हें प्रमाण-पत्र, पदक और ट्रॉफी प्रदान की गई तथा उनका नाम आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल किया गया।
जटिल वाद्य यंत्र में कम उम्र में दिखाया अद्भुत कौशल
ड्रम को संगीत की सबसे कठिन विधाओं में माना जाता है, क्योंकि इसमें हाथ और पैरों का एक साथ सटीक तालमेल आवश्यक होता है। सामान्यतः इसे पांच वर्ष की आयु के बाद सिखाया जाता है, लेकिन दोनों बहनों ने मात्र सवा तीन वर्ष की उम्र में प्रशिक्षण शुरू कर दिया था।
शिक्षकों ने किया था इनकार, फिर मिली सफलता
परिजनों ने कई संगीत शिक्षकों से संपर्क किया, लेकिन कम उम्र के कारण अधिकांश ने ड्रम सिखाने से इनकार कर दिया। इसके बाद योगी म्यूजिक वैली अकादमी के प्रशिक्षक युग नामदेव ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और प्रशिक्षण देना शुरू किया।
लगातार अभ्यास से मिली ऐतिहासिक उपलब्धि
रिकॉर्ड के लिए दोनों बहनों ने लगभग एक माह तक प्रतिदिन उसी संगीत ट्रैक का अभ्यास किया। निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप उन्होंने बिना रुके प्रस्तुति देकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। परिवार ने इसे गर्व का क्षण बताया और कहा कि बच्चों की रुचि को सही समय पर पहचानकर सही दिशा दी जाए तो वे असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।