भोपाल में गोमांस तस्कर बताकर तीन लाख की ब्लैकमेलिंग के आरोप में रेलवे से बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी गिरफ्तार। MD ड्रग और फायर आर्म्स जब्त होने का दावा।
भोपाल में सोशल मीडिया के जरिए खुद को ‘एक्सपोज़र’ करने वाला बताने वाला एक चेहरा अब पुलिस की गिरफ्त में है। रेलवे से बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी को निशातपुरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गोमांस तस्करी में नाम घसीटने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की डील तय की, और इसी सौदे के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तीन लाख की डील
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई असलम चमड़ा के करीबी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी की शिकायत पर की गई। शिकायत में कहा गया कि राजेश तिवारी लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर उन्हें गोमांस तस्कर और भू-माफिया बता रहा था। साथ ही बदनाम न करने के बदले तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था. मामले में अब कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर पैसों की डीलिंग होती दिखाई दे रही है।
निशातपुरा इलाके में रंगे हाथ गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, शिकायत के बाद पुलिस ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया। तय योजना के तहत जिब्बी ने राजेश को रकम देने के बहाने निशातपुरा इलाके में बुलाया. जैसे ही सौदे की बात आगे बढ़ी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजेश को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार देर रात उसे हिरासत में लिया गया था, जबकि शनिवार दोपहर औपचारिक कार्रवाई की गई।
पहले भी विवादों में रहा है नाम
राजेश तिवारी खुद को सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बताता रहा है और कई सफेदपोश लोगों के खिलाफ विवादित वीडियो पोस्ट करता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नौकरी के दौरान उस पर रेलवे की एक महिला कर्मचारी के साथ रेप का आरोप लगा था। इसके अलावा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
तिरंगा लेकर बुलडोजर एक्शन में आया था चर्चा में
अगस्त 2025 में जब भोपाल में मछली गैंग के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की थी, तब राजेश तिवारी अचानक सुर्खियों में आ गया था। वह तिरंगा लेकर कार्रवाई के समर्थन में मौके पर मौजूद दिखा था। उस वक्त उसने मीडिया से कहा था कि मछली गैंग ने उसे अगवा कर पीटा, लेकिन पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की.
बाद में पुलिस ने इन आरोपों की जांच कराई थी, लेकिन कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए थे.फिलहाल राजेश तिवारी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि वीडियो, बरामदगी और पुराने मामलों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किस दिशा में जाती है।