एअर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी गड़बड़ी के बाद बीच रास्ते से वापस लौटी, यात्रियों को विमान में से आई अजीब सी आवाजें, दिल्ली में हुई सुरक्षित लैंडिंग
गुरूवार को नई दिल्ली से लंदन जा रही एअर इंडिया फ्लाइट बीच रास्ते से वापस लौट आई। तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते यह फैसला लिया गया। विमान ने करीब 7 घंटे हवा में रहने के बाद सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
सऊदी अरब से वापस आया विमान
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट सुबह 6 बजे दिल्ली से लंदन के लिए रवाना हो चुकी थी। उड़ान के लगभग चार घंटे के बाद, जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर था, तभी उसमें संभावित तकनीकी समस्या का संकेत मिला। इसके बाद पायलट ने तुरंत विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया।
एअर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट AI111 को तकनीकी खराबी के चलते वापस बुलाया गया। विमान वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर चुका है, जिसकी जांच की जा रही है और इसमें समय भी लग सकता है।
विमान से अजीब सी आवाज आई
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान यात्रियों ने कुछ असामान्य आवाजें भी सुनी थीं, जिससे सतर्कता बढ़ाई गई। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इसी विमान मॉडल को हाल ही में एक और तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा था। 15 मार्च को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट को भी तकनीकी कारणों से आयरलैंड के शैनन शहर में डायवर्ट करना पड़ा था। एअर इंडिया ने इस विमान का संचालन जनवरी 2024 से शुरू किया है और फिलहाल सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक जांच प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं।