Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश

Hapur Kanwar Yatra

Hapur Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा से पहले 'सुरक्षा चक्र' तैयार! 4 अस्थायी थाने और 58 चौकियां तैयार

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ परिक्षेत्र की पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा अभेद्य किला तैयार किया है कि इस बार शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा दोनों हर कदम पर नजर आएंगी।


hapur kanwar yatra कांवड़ यात्रा से पहले सुरक्षा चक्र तैयार 4 अस्थायी थाने और 58 चौकियां तैयार

Hapur Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा से पहले 'सुरक्षा चक्र' तैयार! 4 अस्थायी थाने और 58 चौकियां तैयार |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ परिक्षेत्र की पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा अभेद्य किला तैयार किया है कि इस बार शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा दोनों हर कदम पर नजर आएंगी। कांवड़ यात्रा शुरू होने से चार दिन पहले ही पुलिस ने कमान संभाल ली है। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर पूरे परिक्षेत्र में 4 अस्थायी थानों और 58 अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना कर दी गई है, जहां से 24 घंटे श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कांवड़ यात्रा, पुलिस का अलर्ट प्लान

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया देने और श्रद्धालुओं की हर संभव मदद के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इन सभी अस्थायी थानों और चौकियों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है। 

4 अस्थायी थाने और 58 चौकियां तैयार

मेरठ परिक्षेत्र में मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में यह व्यवस्था लागू की गई है। मेरठ में 1 अस्थायी थाना और 9 चौकियां, बुलंदशहर में 1 थाना और 17 चौकियां, बागपत में 1 थाना और 11 चौकियां तथा हापुड़ में ब्रजघाट अस्थायी थाना और 21 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। हापुड़ जिले में पुरानी चुंगी, टियाला, जीएस पेट्रोल पंप, सोना पंप, बक्सर रेगुलेटर, बनखंडा, बछलौता, अल्लाबख्शपुर कट, गढ़चौपला, पलवाड़ा, सेहल नहर चौराहा, सदरपुर बैरियर और छतरीवाला कुआं समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर चौकियां सक्रिय रहेंगी।

डीआईजी के बड़े निर्देश

डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक अस्थायी थाना और चौकी श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह आगंतुक-अनुकूल हो। सभी चौकियों पर फर्स्ट एड किट, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, संचार व्यवस्था और सहायता केंद्र उपलब्ध रहेंगे। इतना ही नहीं, प्रत्येक पुलिस इकाई का GPS कोऑर्डिनेट्स भी तैयार किया गया है, जिससे कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारी हर चौकी की लाइव मॉनिटरिंग कर सकेंगे।

लगाए जाएंगे QR कोड

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौकियों पर QR कोड भी लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन कर कांवड़ मार्ग, निकटतम अस्पताल, शौचालय, भोजन स्थल, विश्राम स्थल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अनुशासन में रहकर हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें, शिवभक्तों से शिष्ट व्यवहार रखें, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखें तथा जरूरत पड़ने पर बीमार या घायल श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। मेरठ परिक्षेत्र पुलिस का दावा है कि इस बार कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सुरक्षा और सुव्यवस्था का भी उदाहरण बनेगी। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पुलिस हर मोर्चे पर पहले से अधिक सतर्क और सक्रिय दिखाई देगी।

Related to this topic: