बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटने की बात कही है, उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक सरकारी विमान की व्यवस्था करने की मांग की है । यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस की है हालांकि उनकी वापसी अभी तय नहीं है। बांग्लादेश सरकार ने साफ किया है कि शेख हसीना भारत से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत ही लौट सकती हैं ।
समाचार एजेंसी के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को यह जानकारी दी । उनके अनुसार हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान से उन्हें दिल्ली से ढाका लाया जाए । उनका तर्क है कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेशी विमान से ही भारत लाया गया था, इसलिए अब सरकार उनकी वापसी की व्यवस्था करे ।
वापसी पर गिरफ्तारी का खतरा
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि शेख हसीना प्रत्यर्पण संधि के तहत ही लौट सकती हैं, उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा । पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की अदालत ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर कार्रवाई के मामले में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी, हसीना ने इन आरोपों और फैसले को खारिज किया है।
दो साल से भारत में हैं शेख हसीना
बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के हिंसक होने के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था और भारत आ गई थीं। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। उनका राजनीतिक दल अवामी लीग भी बांग्लादेश में प्रतिबंधित है हसीना की वापसी की कोशिश बांग्लादेश की राजनीति में नया तनाव पैदा कर सकती है।