सीरिया दौरे पर पहुंचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की बैठक के दौरान दमिश्क में दो धमाके हुए। होटल के पास हुए विस्फोटों के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया दौरे पर हैं। उनकी यह यात्रा उस समय सुर्खियों में आ गई जब राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ बैठक के दौरान दमिश्क में दो जोरदार धमाके हुए। विस्फोट राजधानी के उस इलाके में हुए जहां मैक्रों के ठहरने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति सुरक्षित बताए गए हैं।
घटना ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के रिश्तों में नए दौर की शुरुआत के लिहाज से इस दौरे को अहम माना जा रहा था। धमाकों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि इस हाई-प्रोफाइल यात्रा की संवेदनशीलता भी बढ़ा दी है।
होटल के पास हुए विस्फोट
सीरियाई मीडिया के अनुसार विस्फोट फोर सीजन्स होटल के आसपास हुए, जहां मैक्रों के ठहरने की सूचना थी। अल-वतन और सीरिया टीवी नेटवर्क ने बताया कि धमाकों के बाद घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक वाहन आग की चपेट में दिखाई दिया, जबकि सड़क पर खून के निशान भी नजर आए। फिलहाल मृतकों या घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है।
अहम कूटनीतिक दौरे के बीच बढ़ी चिंता
फ्रांस के राष्ट्रपति का कई वर्षों बाद सीरिया दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे समय राजधानी के बीचोंबीच हुए धमाकों ने इस यात्रा को वैश्विक चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना का मैक्रों और अहमद अल-शरा की वार्ता पर क्या असर पड़ा।
हालिया घटनाओं से गहराए सुरक्षा के सवाल
दमिश्क में यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही जस्टिस पैलेस के पास स्थित एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटने से कम से कम 10 लोगों की मौत और 20 लोग घायल हुए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और आतंरिक हालात को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां दोनों धमाकों के हर पहलू की पड़ताल में जुटी हैं।