न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर विमान और फायर ट्रक की टक्कर में दो पायलटों की मौत। कई लोग घायल, FAA ने एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू किया।
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित LaGuardia Airport पर रविवार देर रात बड़ा विमान हादसा हुआ। रनवे पर एक यात्री विमान और फायर ट्रक की टक्कर में दोनों पायलटों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Air Canada Express का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद फायर ट्रक से टकरा गया। हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई, जबकि फायर ट्रक पर सवार दो दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:38 बजे हुई। बताया जा रहा है कि विमान रनवे-4 पर लैंड कर रहा था, उसी दौरान पोर्ट अथॉरिटी पुलिस विभाग का फायर ट्रक उससे टकरा गया।
घटना के बाद अफरातफरी
हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है, हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी रही।
FAA ने जारी किया ग्राउंड स्टॉप
Federal Aviation Administration (FAA) ने घटना के बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों के लिए ग्राउंड स्टॉप जारी कर दिया। इसके तहत आने वाली फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया या वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य होने तक यह प्रतिबंध जारी रह सकता है।
विमान और यात्रियों की स्थिति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क आ रहा था और इसमें करीब 72 यात्री व 4 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी यात्रियों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। विमान बॉम्बार्डियर CRJ-900 मॉडल का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के समय विमान की गति लगभग 24 मील प्रति घंटा थी।अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि फायर ट्रक को रनवे पार करने की अनुमति दी गई थी, उसी दौरान यह दुर्घटना हुई। फिलहाल हादसे के कारणों और सुरक्षा चूक की जांच की जा रही है।