ईरान ने अमेरिका और इजरायल को इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले रोकने की चेतावनी दी। मोहसेन रेजाई ने कहा, हमले नहीं रुके तो जंग और खतरनाक रूप ले सकती है।
मध्य पूर्व में जारी ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। युद्ध के 25वें दिन ईरान ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि उसके बुनियादी ढांचे पर हमले नहीं रोके गए, तो संघर्ष और अधिक घातक रूप ले सकता है। ईरान के वरिष्ठ नेता मोहसेन रेजाई ने साफ शब्दों में कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले जारी रखे, तो यह “आंख के बदले आंख” नहीं, बल्कि “आंख के बदले सिर उड़ाने” जैसी जंग बन जाएगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों से बढ़ा तनाव
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जा रहा है। इससे ईरान में नाराजगी बढ़ गई है और जवाबी कार्रवाई भी तेज हो गई है। ईरान लगातार इजरायल और मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले कर रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
ट्रंप के दावों को ईरान ने बताया गलत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि, ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे “फेक न्यूज़” बताया है.इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का अल्टीमेटम भी दिया था, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग माना जाता है।
लगातार बढ़ रहा संघर्ष
विशेषज्ञों का मानना है कि यह संघर्ष अब लंबा खिंच सकता है, क्योंकि दोनों पक्ष पीछे हटने के संकेत नहीं दे रहे हैं। ईरान जहां अपने संसाधनों की रक्षा के लिए आक्रामक रुख अपना रहा है, वहीं अमेरिका और इजरायल रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए मध्य पूर्व में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसका असर वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है।