ईरान-इजराइल जंग के 25वें दिन गैस प्लांट और पाइपलाइन पर हमले, हिजबुल्लाह का इजराइल पर मिसाइल अटैक। ट्रम्प ने हमले 5 दिन टाले, हालात तनावपूर्ण।
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष अब और खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। ईरान में मंगलवार को कई जगहों पर एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले किए गए। इससे हालात और बिगड़ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्फहान में एक गैस प्लांट और गैस कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया गया। इसके अलावा खोर्रमशहर के पावर प्लांट और उससे जुड़ी गैस पाइपलाइन पर भी हमला हुआ।
बता दें कि इन हमलों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि नुकसान का पूरा आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
हिजबुल्लाह की एंट्री
वहीं हिजबुल्लाह ने भी इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लेबनान से इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन अटैक किए गए हैं। हिजबुल्लाह का दावा है कि उसने इजराइल के पांच अहम ठिकानों को निशाना बनाया है। इसमें सैनिक छावनी, रडार सिस्टम और तोपखाना शामिल हैं। इस हमले के बाद उत्तरी इजराइल में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
ट्रम्प ने फिलहाल टाला हमला
इस बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने बड़ा फैसला लेते हुए ईरान पर प्रस्तावित हमलों को 5 दिन के लिए टाल दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया बातचीत में 15 मुद्दों पर सहमति बनी है, हालांकि इनकी पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि वॉशिंगटन के साथ कोई औपचारिक बातचीत नहीं चल रही है।
ये देश कर रहे मध्यस्थता की कोशिश
इस बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये जैसे देश मध्यस्थता में जुटे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने हाल ही में ट्रम्प से बातचीत भी की है, ताकि हालात को काबू में लाया जा सके।
24 घंटे में 7 बार मिसाइल अटैक
ईरान ने पिछले 24 घंटे में इजराइल पर सात बार मिसाइल हमले किए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सेंट्रल इजराइल में कई जगह मिसाइलें गिरीं, जिसके बाद सर्च और रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। इससे पहले तेल अवीव में भी हमलों के बाद नुकसान की खबरें आई थीं।
50 से ज्यादा ठिकानों पर एयर स्ट्राइक
इजराइल भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इजराइली वायुसेना ने रात भर में ईरान के 50 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें मिसाइल लॉन्च साइट और सैन्य ठिकाने शामिल हैं। इजराइल का दावा है कि जंग शुरू होने के बाद से अब तक वह ईरान में 3000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले कर चुका है।
बेहद नाजुक हालात में आगे क्या?
मध्य पूर्व में हालात तेजी से बदल रहे हैं, और हर नया हमला तनाव को और बढ़ा रहा है। एनर्जी ठिकानों पर हमले से साफ है कि अब जंग सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक मोर्चे पर भी लड़ी जा रही है। आने वाले कुछ दिन तय करेंगे कि ये टकराव बातचीत की तरफ जाएगा। या फिर यह तनाव और बड़े संघर्ष में बदल जाएगा।