उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी में यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, वहीं रुद्रप्रयाग में शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गहरी खाई में गिर गई। दोनों हादसों में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटनाओं के बाद पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस
पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ। मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी और बस के भीतर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने बस के अंदर से 8 शव बाहर निकाले हैं। वहीं, 3 साल की मासूम बच्ची समेत 19 लोग घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कई को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान भी सामने आई है। इनमें झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, दिल्ली, असम, उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर और रुद्रप्रयाग सहित अलग-अलग इलाकों के लोग शामिल हैं।घायलों की सूची में तीन साल की आयरा और 26 वर्षीय नूर जहां का नाम भी शामिल है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
रुद्रप्रयाग में बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रही बारातियों की मैक्स/बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी.हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है.रुद्रप्रयाग हादसे में घायल हुए लोगों में 52 वर्षीय उमेद सिंह राणा, 56 वर्षीय राजेंद्र सिंह, 25 वर्षीय लविश राणा, 8 वर्षीय वंशिका, 33 वर्षीय उर्मिला देवी और 34 वर्षीय पूजा शामिल हैं। सभी घायलों की पहचान सामने आ चुकी है।
दोनों हादसों के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तराखंड में एक ही सुबह हुए इन दो हादसों ने पहाड़ी सड़कों पर सफर की चुनौतियों को फिर सामने ला दिया है। एक ओर हाईवे पर बस के नदी में गिरने से आठ लोगों की जान चली गई, तो दूसरी ओर शादी समारोह से लौट रहे चार लोगों की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई.दोनों घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और हादसों से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करने पर है। अब सभी की नजरें रेस्क्यू और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।