उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से यमुनोत्री हाईवे बंद, 1000 यात्री फंसे। यूपी में बारिश से 10 लोगों की मौत। राजस्थान, दिल्ली में भी बारिश से हालात खराब। IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया।
देशभर में मानसून का असर अब आफत बनकर सामने आ रहा है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद होने से करीब 1000 यात्री फंस गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में मकान ढहने और ट्रेन सेवाएं प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो से तीन दिनों बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने और एक सप्ताह तक अधिकांश हिस्सों में बारिश कम होने के संकेत दिए हैं।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, 1000 यात्री प्रभावित
उत्तरकाशी जिले में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया। इसके कारण यमुनोत्री मार्ग पर करीब 1000 यात्री प्रभावित हुए। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग भी चट्टानें गिरने से बंद हो गया है। लगातार बारिश को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट और निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
यूपी में 10 मौतें, कई जिलों में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 69 शहरों में बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की जान चली गई। बुलंदशहर में मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं। मौसम विभाग ने 49 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए 13 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
राजस्थान और दिल्ली भी बारिश से बेहाल
राजस्थान के धौलपुर में मकान ढहने से छह लोग मलबे में दब गए, जबकि अजमेर के किशनगढ़ में भी कच्चा मकान गिरने की घटना हुई। भारी बारिश के चलते राज्य में छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं दिल्ली में 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। बारिश के पानी में डूबने से एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
36 दिन में पूरे देश में पहुंचा मानसून, अब लग सकता है ब्रेक
मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य से तेज गति से आगे बढ़ते हुए 36 दिनों में पूरे देश को कवर कर लिया। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पर एक बार फिर ब्रेक लग सकता है। इस दौरान उत्तराखंड, पूर्वोत्तर, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। वहीं कई राज्यों में फिलहाल रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है।