सोनिया गांधी के इलाज को लेकर सियासत तेज, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गंगाराम अस्पताल में आरक्षण को लेकर राहुल गांधी पर उठाए सवाल, कांग्रेस ने पलटवार के संकेत दिए।
नई दिल्ली। दिल्ली की सियासत में इस वक्त इलाज से ज्यादा बहस इलाज के लिए भर्ती की गई जगह पर हो रही है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन मुद्दा उनकी सेहत से आगे निकलकर अब आरक्षण और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है।
दरअसल, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस पूरे मामले में नया सवाल खड़ा कर दिया है। उनके सवालों के निशाने पर सीधे विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं।
इलाज के बीच सियासी तकरार
सोनिया गांधी का इलाज इस समय सर गंगाराम हॉस्पिटल में चल रहा है। उन्हें संक्रमण और बुखार की शिकायत के बाद 24 मार्च की रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और दवाओं का असर भी ठीक दिख रहा है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल कुछ दिन और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा जा सकता है। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने भी यही कहा कि चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है। हालांकि एहतियात जरूरी है।
आरक्षण को लेकर उठे सवाल
इसी बीच निशिकांत दुबे ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस आरक्षण की बात करती है, तो सोनिया गांधी का इलाज ऐसे निजी अस्पताल में क्यों कराया जा रहा है जहां आरक्षण लागू नहीं होता। दुबे ने लिखा कि अगर इलाज एम्स जैसे सरकारी अस्पताल में होता, तो वहां आरक्षित वर्ग के डॉक्टर भी मिलते। उन्होंने यहां तक कहा कि जिन डॉक्टर से इलाज हो रहा है, वे भी आरक्षित वर्ग से नहीं हैं।
यह बयान आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इसकी वजह भी है क्योंकि मामला सीधे कांग्रेस की उस राजनीति से जुड़ता है। इसमें वह सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व की बात करती रही है।
राहुल गांधी के पुराने बयानों पर वार
दरअसल, यह पूरा हमला राहुल गांधी के उन बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है, जिनमें वह अक्सर आरक्षण और दलित प्रतिनिधित्व की कमी का मुद्दा उठाते रहे हैं। भाजपा अब उसी लाइन को पकड़कर पलटवार कर रही है। निशिकांत दुबे ने अपने बयान में जॉर्ज सोरोस का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। इससे विवाद और गहरा गया है।
अस्पताल से आई राहत की खबर
राजनीतिक बयानबाजी के बीच राहत की बात यह है कि सोनिया गांधी की सेहत में सुधार बताया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक एंटीबायोटिक दवाओं का असर हो रहा है और उनकी हालत पहले से बेहतर है, हालांकि पूरी तरह ठीक होने में अभी थोड़ा समय लग सकता है। मौसम में बदलाव को भी उनकी तबीयत बिगड़ने की एक वजह माना जा रहा है। फिलहाल दिल्ली में इस समय मौसम बदलाव आम है।