पटनाः बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार, 6 नवंबर की सुबह पुलिस और कथित सुपारी किलर्स के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास करीब 20 मिनट तक चली गोलीबारी में तीन आरोपी राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव मारे गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस टीम पर 24 राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने 18 राउंड फायरिंग की । इस दौरान मनेर थाना प्रभारी (SHO) रजनीश कुमार को हाथ में गोली लगी।
पैक्स अध्यक्ष की हत्या के मामले में तलाश थी
पुलिस के मुताबिक मारे गए तीनों आरोपी मनेर के व्यापुर गांव के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे । 19 अक्टूबर को महाअष्टमी की रात संजीत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, घटना के समय वह प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे थे।
दानापुर-2 के एसडीपीओ ए.के. झा के अनुसार, बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा ने हत्या में शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव पर हत्या की साजिश रचने का आरोप था। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज थे ।
घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा, पुलिस से झड़प
तीनों आरोपियों की मौत की खबर मिलने के बाद उनके परिजन दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए । वहां शव दिखाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू हो गया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके परिवार के लोगों को गलत तरीके से एनकाउंटर में मारा गया है। उनका दावा था कि जिस पैक्स अध्यक्ष की हत्या के मामले में पुलिस उन्हें आरोपी बता रही है, उसमें उनकी भूमिका नहीं थी।
अस्पताल में पुलिस और परिजनों के बीच कई बार धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। इस दौरान एक महिला के बेहोश होने और एक युवक की पिटाई की भी खबर सामने आई, भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ASP अजीत कुमार को भी चोट लगी। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की।