NEET-UG 2026 परीक्षा अब 21 जून को होगी। पेपर लीक विवाद के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दोबारा एग्जाम का ऐलान किया। जानिए नई परीक्षा से जुड़े बड़े अपडेट।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून, रविवार को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था।
करीब 22.79 लाख छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी थी। अब नई तारीख घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को राहत मिली है कि उन्हें दोबारा आवेदन या अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी।
दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं, सेंटर भी वही रहेंगे
NTA ने साफ किया है कि छात्रों को फिर से रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पहले जमा की गई फीस ही मान्य रहेगी और परीक्षा केंद्र भी नहीं बदले जाएंगे।एजेंसी के मुताबिक नए एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। NTA ने यह जानकारी अपने आधिकारिक X पोस्ट के जरिए साझा की।
पेपर लीक के बाद देशभर में विरोध
NEET पेपर लीक विवाद के बाद कई राज्यों में छात्रों ने प्रदर्शन किए। दिल्ली समेत कई शहरों में युवाओं ने परीक्षा रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धरमेंद्र प्रधान के आवास पर हाईलेवल बैठक भी हुई, जिसमें दोबारा परीक्षा कराने और जांच की प्रगति पर चर्चा की गई।
CBI जांच में अब तक कई गिरफ्तारियां
पेपर लीक मामले की जांच CBI को सौंपी गई है। एजेंसी अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेजा है।जांच में राजस्थान के सीकर, हरियाणा के गुरुग्राम और महाराष्ट्र के नासिक तक नेटवर्क फैला होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के बदले लाखों रुपए वसूल रहे थे।
कैसे लीक हुआ पेपर?
CBI जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र की हार्ड कॉपी को स्कैन कर PDF बनाई गई और फिर राजस्थान के सीकर जिले में छात्रों तक पहुंचाई गई।सूत्रों के मुताबिक, वायरल ‘गेस पेपर’ में परीक्षा के 180 में से करीब 150 सवाल हूबहू मिले। जांच एजेंसियों को 300 से ज्यादा सवाल एक जैसी हैंडराइटिंग में लिखे हुए मिले हैं।