पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान विवाद के बाद हिंसा भड़क गई। पथराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात काबू में किए।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए। जंगीपुर इलाके में निकल रहे जुलूस के बीच दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।
शोभायात्रा के दौरान विवाद, फिर शुरू हुआ पथराव
जानकारी के अनुसार, जंगीपुर के फुलतला चौराहे पर जुलूस के गुजरने और झंडा फहराने को लेकर विवाद हुआ। पहले मामूली बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से पत्थर और ईंटें चलने लगीं। अचानक भड़की इस हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की दुकानें तुरंत बंद हो गईं और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए।
हालात काबू में लाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात को काबू में बताया जा रहा है, हालांकि तनाव अभी भी बना हुआ है।
पुलिस बोली- स्थिति नियंत्रण में, निगरानी जारी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में लगातार गश्त की जा रही है ताकि दोबारा कोई विवाद न हो। उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील- शांति बनाए रखें
राज्य प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। इसका उद्देश्य किसी भी तरह की अफवाह या तनाव को फैलने से रोका जा सके।