मानसून के चलते हिमाचल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, और राजस्थान में भारी बारिश। लैंडस्लाइड और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई स्थानों पर अलर्ट जारी।
देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर कई राज्यों में एक साथ देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड से नेशनल हाईवे मलबे में दब गया, मध्य प्रदेश में क्षिप्रा नदी उफान पर है, गुजरात में सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल में लैंडस्लाइड, मलबे में दबीं गाड़ियां
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के चोलिंग क्षेत्र में गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ का बड़ा हिस्सा नेशनल हाईवे पर आ गिरा। भारी मलबे की चपेट में दो वाहन दब गए। प्रदेश में लगातार बारिश के कारण 49 सड़कें बंद हैं और कई इलाकों में यातायात प्रभावित है।
उज्जैन में क्षिप्रा उफान पर, रामघाट के मंदिर डूबे
मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से सक्रिय है। उज्जैन में क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट के पास स्थित मंदिर जलमग्न हो गए। वहीं धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, बुरहानपुर और बैतूल समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है। खंडवा और हरदा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात में सड़कें बनीं तालाब, चलते-चलते बंद हुईं गाड़ियां
गुजरात के वलसाड में तेज बारिश के कारण प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। कई जगह वाहनों के इंजन बीच सड़क पर बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया। निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश में घरों तक पहुंचा बारिश का पानी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, उन्नाव, जालौन और कई जिलों में शुक्रवार तड़के तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पानी घरों में घुस गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर असर
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते रुद्रप्रयाग, चमोली सहित कई जिलों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर लगातार पत्थर और मलबा गिरने से रास्ते बाधित हुए। सुरक्षा कारणों से केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया।
राजस्थान में भी मानसून ने पकड़ी रफ्तार
राजस्थान के जयपुर में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग ने कोटा, बारां और झालावाड़ के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में दो इंच तक बारिश दर्ज की गई है।
5 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर सकता है। 4 और 5 जुलाई को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरलम, गोवा, तमिलनाडु, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ही गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति भी बनी रह सकती है।