भारत के कई राज्यों में मानसून के कारण भारी बारिश हुई। मुंबई और पुणे में लैंडस्लाइड से यातायात प्रभावित हुआ, कई जगहों पर बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा।
देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन पर असर डाल रही है। महाराष्ट्र में सबसे गंभीर स्थिति देखने को मिली, जहां मुंबई-पुणे रेल मार्ग और एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश, बाढ़ और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर लैंडस्लाइड, 20 ट्रेनें रद्द
सोमवार सुबह करजात-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर लैंडस्लाइड होने से मुंबई-पुणे रेल मार्ग की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। इसके चलते करीब 20 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भी बंद
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के खंडाला एग्जिट स्थित 'मिसिंग लिंक' सेक्शन पर भी भूस्खलन हुआ, जिसके बाद मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया। वहीं रत्नागिरी जिले में कशेड़ी घाट के पास मुंबई-गोवा हाईवे का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे दोनों ओर का यातायात रोकना पड़ा।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, तेज हवाओं का असर
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण 142 पेड़ उखड़ गए। स्थिति को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सरकारी, निजी और नगर निगम के सभी स्कूलों व कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया। बीएमसी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड नाउकास्ट चेतावनी भी जारी की है।
पुणे में मकान पर गिरा मलबा, परिवार फंसा
पुणे जिले के मावल तालुका स्थित पाटन गांव में भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। हादसे के समय घर में तीन लोग मौजूद थे। एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।
मध्य प्रदेश में बिजली गिरने और डूबने से मौतें
मध्य प्रदेश में रविवार को भोपाल सहित 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। पांढुर्णा जिले में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। रायसेन जिले में बेतवा नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चियों की जान चली गई। उज्जैन में क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट के आसपास स्थित कई मंदिर जलमग्न हो गए। प्रदेश के 23 जिलों में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में दो मासूम बच्चों की मौत
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से पांच और छह वर्ष के दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं बलौदा बाजार जिले में उफनती नदी में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के दस से अधिक शहरों में लगातार बारिश हो रही है। राजस्थान में अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में बारिश के कारण 30 सड़कें बंद हैं और यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है।
अगले दो दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 7 जुलाई को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 8 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी तेज बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है।