गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की।
देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और तेज बहाव की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में बाढ़, 19 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
गुजरात के जूनागढ़ जिले के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव में बाढ़ के पानी में चार वाहन फंस गए। प्रशासन और राहत दल ने अभियान चलाकर 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं राजकोट, गिर सोमनाथ और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं। वेरावल बंदरगाह पर खतरे का संकेत नंबर-3 जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र में जलभराव, पालघर में स्कूल-कॉलेज बंद
महाराष्ट्र के नालासोपारा रेलवे स्टेशन के बाहर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश को देखते हुए पालघर जिले में एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कोल्हापुर का राधानगरी बांध भी ओवरफ्लो हो गया है।
मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, उज्जैन में युवक बहा
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर सहित 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करते समय एक युवक मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गया। डिंडौरी में भी पुल पार करते समय एक कार नदी में बह गई। मौसम विभाग ने बड़वानी और खंडवा में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है।
राजस्थान के अस्पताल में भरा पानी
जयपुर में तेज बारिश के बाद सवाई मानसिंह अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। इसके चलते मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट करना पड़ा। मानसून अब राजस्थान के 22 जिलों तक पहुंच चुका है और अगले तीन दिनों तक पूरे राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
यूपी में 15 साल का रिकॉर्ड टूटा
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। कानपुर में 3 जुलाई को 108 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 15 वर्षों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। शहर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि मथुरा में रेलवे अंडरपास गर्दन तक पानी से भर गया। झांसी में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।
बिहार और हिमाचल का अलग हाल
बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 50 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 5 जुलाई के बाद बारिश बढ़ने की संभावना जताई है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों के दौरान सामान्य से 106 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, हालांकि अगले 48 घंटों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
5 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मानसून 5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर सकता है। अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरलम, गोवा, तमिलनाडु, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। कई राज्यों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।