यूपी, बिहार और कर्नाटक में आंधी-बारिश से 32 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में 18 साल में सबसे ज्यादा अप्रैल बारिश दर्ज हुई, जबकि राजस्थान-महाराष्ट्र में गर्मी बरकरार है।
देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को गुरुवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से राहत मिली, लेकिन कई राज्यों में यह राहत आफत बन गई। उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में बीते दो दिनों के दौरान आंधी-बारिश से 32 लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली, झारखंड और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। वहीं राजस्थान और महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप जारी है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
यूपी, बिहार और कर्नाटक में 32 मौतें
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों के दौरान आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। बिहार में 5 लोगों की जान गई है। वहीं कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार रात तेज बारिश और तूफान के दौरान अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हुई।मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले 48 घंटे तक खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में 18 साल की सबसे ज्यादा अप्रैल बारिश
दिल्ली में गुरुवार को तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 8 से 15 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। पालम इलाके में तापमान 39 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल 2026 में दिल्ली में 27.9 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो पिछले 18 वर्षों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
राजस्थान और महाराष्ट्र में गर्मी बरकरार
देश के कई हिस्सों में बारिश के बावजूद राजस्थान और महाराष्ट्र में गर्मी से राहत नहीं मिली है। महाराष्ट्र का चंद्रपुर गुरुवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.6°C दर्ज हुआ।राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा 44°C तक पहुंच गया। बीकानेर, चूरू और फलोदी समेत कई शहरों में तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?
2 मई का अलर्ट:पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की संभावना. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और बंगाल में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट,असम, मेघालय, सिक्किम और केरलम में भारी बारिश की चेतावनी
3 मई का अलर्ट:दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश के आसार,बंगाल, असम और सिक्किम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट,पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का खतरा जारी
मध्य प्रदेश में पेड़ उखड़े, ओले गिरे
मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। भोपाल के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जबकि उमरिया और मुरैना में ओलावृष्टि दर्ज की गई।IMD ने शुक्रवार को ग्वालियर समेत 17 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
छत्तीसगढ़ और पंजाब में भी बदला मौसम
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और गरियाबंद में गुरुवार को जमकर ओले गिरे। कई इलाकों में सड़कों और खेतों पर बर्फ जैसी सफेद परत नजर आई। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।वहीं पंजाब में पहाड़ी इलाकों में बारिश के बाद ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने 2 मई से 6 मई तक राज्य में बारिश और आंधी का अनुमान जताया है।
हीटवेव से निपटने की तैयारी
राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल में लू के मरीजों के लिए अलग ICU बनाया गया है। वहीं महाराष्ट्र में वन विभाग ने डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से प्रभावित 97 पक्षियों और जानवरों को रेस्क्यू किया है।