गुजरात में पुलिस हिरासत से 2300 किलो ड्रग्स गायब। CAG रिपोर्ट ने उठाए गंभीर सवाल, चूहे और नमी वाले तर्क पर जताई आपत्ति। जानिए पूरा मामला।
अहमदाबाद: गुजरात में नशीले पदार्थों के प्रबंधन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। Comptroller and Auditor General of India (CAG) की ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पुलिस हिरासत से करीब 2,300 किलोग्राम ड्रग्स गायब हो गए हैं। यह मामला राज्य की कानून व्यवस्था और साक्ष्य प्रबंधन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
कुल जब्त ड्रग्स का 35% हिस्सा गायब
रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2022 से जुलाई 2023 के बीच कुल 6,510.54 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे। 4,177.86 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए, जबकि 2,332.68 किलोग्राम ड्रग्स का कोई हिसाब नहीं मिला। यह कुल जब्त मात्रा का लगभग 35 प्रतिशत है, जो बेहद चिंताजनक माना जा रहा है।
सरकार ने दिए ये कारण
मामले पर सफाई देते हुए गृह विभाग ने तीन प्रमुख वजहें बताईं करीब 144 किलोग्राम गांजा चोरी हो गया, बाकी हिस्सा चूहों द्वारा नष्ट होने का दावा किया। नमी खत्म होने से वजन में कमी आई है।
CAG ने खारिज किए तर्क
CAG ने इन दावों को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स के गायब होने को “चूहे और नमी” से नहीं समझाया जा सकता। रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि विभाग इस मामले में संतोषजनक जवाब देने में विफल रहा है। ऑडिट में यह भी सामने आया कि ड्रग्स के भंडारण और निपटान के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स के गायब होने से यह आशंका भी बढ़ती है कि यह अवैध नेटवर्क में दोबारा पहुंच सकते हैं। CAG ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत स्टोरेज सिस्टम, बेहतर निगरानी तंत्र और सख्त जवाबदेही जैसे कदम उठाने की सिफारिश की है।