Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

Lioness Attacks Farmer in Gujarat Bhavnagar

गुजरात में खेत के पास शेरनी का हमला, किसान का हाथ आधे घंटे तक जबड़े में दबाए रखा

गुजरात के भावनगर में शेरनी ने किसान पर हमला कर उसका हाथ करीब आधे घंटे तक जबड़े में दबाए रखा। संघर्ष के बाद किसान बच निकला, घटना का वीडियो वायरल है।


गुजरात में खेत के पास शेरनी का हमला किसान का हाथ आधे घंटे तक जबड़े में दबाए रखा

भावनगर। गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना तालुका में सोमवार सुबह एक शेरनी ने किसान पर हमला कर दिया। घटना में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। किसान का दावा है कि शेरनी ने उसका हाथ करीब आधे घंटे तक अपने जबड़े में दबाए रखा। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद वह किसी तरह उसकी पकड़ से छूटकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गाय को चारा खिलाने जा रहे थे किसान

घायल किसान कालूभाई बोगभाई परमार के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी गाय को चारा खिलाने के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक शेरनी ने उन पर हमला कर दिया। किसान के मुताबिक, शेरनी ने पहले पीछे से हमला कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और फिर उनका हाथ अपने जबड़े में दबा लिया।

'मैं लगातार संघर्ष करता रहा'

कालूभाई ने बताया कि वह लगातार खुद को छुड़ाने की कोशिश करते रहे। उन्होंने आत्मरक्षा में शेरनी को खरोंचा भी। उनके अनुसार, इसी दौरान शेरनी की पकड़ थोड़ी ढीली हुई, जिसके बाद वह वहां से भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि उनके भागने के बाद शेरनी उनकी गाय की ओर बढ़ गई।

एक अन्य व्यक्ति पर भी हमले की कोशिश

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी शेरनी ने इससे पहले एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि वह समय रहते भागकर अपने घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें शेरनी किसान को दबोचे हुए दिखाई देती है। किसान खुद को छुड़ाने की लगातार कोशिश करता नजर आता है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग दूरी बनाकर स्थिति पर नजर रखते दिखाई देते हैं।

गिर क्षेत्र में अक्सर आबादी के करीब पहुंच जाते हैं शेर

भावनगर का यह इलाका गिर के एशियाई शेरों के आवास क्षेत्र के करीब है। वन क्षेत्र से सटे गांवों में शेरों का खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास आना असामान्य नहीं माना जाता। हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञ लोगों से ऐसे मामलों में शेरों के पास न जाने और तुरंत वन विभाग को सूचना देने की सलाह देते हैं।

Related to this topic: