India faces varied weather: floods disrupt Northeast, drought in MP, while a strengthening low-pressure area might revive monsoon in Bihar and UP.
बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम से बदलेगा मौसम, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देशभर में मानसून का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है। पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं, जबकि मध्य प्रदेश के कई जिलों में अब भी सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के मजबूत होने से अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।
असम के 99 गांव बाढ़ की चपेट में, अरुणाचल में 1 लाख से ज्यादा प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण अरुणाचल प्रदेश में हालात गंभीर बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों में 1.02 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल बताए गए हैं।वहीं असम के 6 जिलों के 99 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां 37,032 लोग प्रभावित हुए हैं।
मध्य प्रदेश के 35 जिलों में सूखे जैसे हालात
एक तरफ पूर्वोत्तर में बाढ़ है तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश में बारिश की कमी चिंता बढ़ा रही है। जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल समेत प्रदेश के 35 जिलों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बिहार, बंगाल और यूपी में अगले 48 घंटे में मानसून होगा एक्टिव
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम मजबूत होकर पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों में इन राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- पश्चिम बंगाल
- बिहार
- झारखंड
- ओडिशा
- असम
- अरुणाचल प्रदेश
- मेघालय
- उत्तराखंड
- छत्तीसगढ़
ऑरेंज अलर्ट:
- मध्य प्रदेश
- झारखंड
- पश्चिम बंगाल
- ओडिशा
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में उमस से राहत नहीं
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में फिलहाल मानसून कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है।
अयोध्या से वाराणसी तक बारिश का असर
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला। अयोध्या में तेज बारिश के कारण भक्ति पथ पर घुटनों तक पानी भर गया, जबकि वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई घाट पानी में डूबने लगे हैं।
क्या कहता है मौसम विभाग?
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के सक्रिय होने से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। हालांकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और कुछ अन्य राज्यों में सामान्य बारिश के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। अगले 48 घंटे देश के कई हिस्सों के मौसम की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं।