राजस्थान के दौसा में एक बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। बस में फंसे कई यात्री जिंदा जल गए।
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 यात्रियों की मौत जिंदा जलने से हुई, जबकि 21 लोग घायल हैं।
एक घंटे तक जलती रही बस, अंदर फंसे रहे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक हादसे के बाद बस करीब एक घंटे तक जलती रही। कई यात्री अंदर फंसे मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर यात्रियों को निकालने की कोशिश की।
घायल यात्री की आंखोंदेखी
इंदौर निवासी घायल चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद बस धुएं से भर गई। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी पत्नी का पैर सीट में फंस गया था। उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे तक कोई सरकारी राहत टीम मौके पर नहीं पहुंची।
बस में सिगरेट के बॉक्स होने का दावा
घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने दावा किया कि बस की डिक्की में सिगरेट के पैकेटों से भरे बॉक्स रखे थे। उनका कहना है कि इससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
झपकी बनी हादसे की वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस ट्रेलर से टकरा गई। वहीं ट्रेलर चालक और उसका खलासी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं, जबकि पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।