Breaking News
  • प्रयागराज में पूर्व मंत्री का कोल्ड स्टोरेज ढहा, 4 की मौत: मलबे से 17 लोगों को बाहर निकाला
  • सोने में सोमवार को 8 हजार, चांदी में 13 हजार रुपए की गिरावट
  • हमें कोरोना संकट की तरह तैयार रहना होगा मिडिल ईस्ट जंग पर PM मोदी का बयान
  • पश्चिम एशिया के हालात पर हाई लेवल मीटिंग: PM मोदी बोले- किसी भी जरूरी चीज की कमी नहीं होने देंगे
  • असम में एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर, 6 की मौत; 2 घायल
  • असम- मंत्री नंदिता गार्लोसा का टिकट कटने के बाद भाजपा छोड़ कांग्रेस जॉइन की
  • मध्य प्रदेश में 26 मार्च से बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया

होम > देश

BSEB 12th Result 2026 Bihar Board Out

बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट जारी, 85% से ज्यादा छात्र पास, लड़कियों ने मारी बाजी

बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 जारी, 85.19% छात्र पास। जानें कैसे चेक करें रिजल्ट, टॉपर्स लिस्ट और आगे की प्रक्रिया की पूरी जानकारी।


बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट जारी 85 से ज्यादा छात्र पास लड़कियों ने मारी बाजी

Bihar Board Exam Result |

पटना। बिहार के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सोमवार को बिहार बोर्ड ने इंटरमीडिएट (12वीं) का रिजल्ट जारी कर दिया। सुबह से ही स्टूडेंट्स और उनके परिवारों की नजरें वेबसाइट पर टिकी थीं। जैसे ही रिजल्ट लाइव हुआ कई जगह खुशी का माहौल देखने को मिला।

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए परिणाम घोषित किए। उनके साथ बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बार का रिजल्ट पिछली बार के मुकाबले थोड़ा बेहतर माना जा रहा है।

कितने छात्र हुए पास, क्या रहा पास प्रतिशत

इस साल करीब 12 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 85.19% छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। यह आंकड़ा बताता है कि इस बार छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, हालांकि कुछ जिलों में रिजल्ट थोड़ा कमजोर भी बताया जा रहा है। तीनों स्ट्रीम जिसमें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स का रिजल्ट एक साथ जारी किया गया है। छात्रों को अलग-अलग इंतजार नहीं करना पड़ा, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली।

बेटियों ने फिर मारी बाजी

इस बार के टॉपर्स की बात करें तो एक बार फिर बेटियों ने अपना दबदबा दिखाया है। टॉपर्स में लड़कियों की संख्या ज्यादा कुल 26 टॉपर्स में से 19 लड़कियां हैं। आर्ट्स और कॉमर्स दोनों में छात्राओं ने टॉप किया। वहीं, साइंस स्ट्रीम में एक छात्र ने पहला स्थान हासिल किया। ग्राउंड पर बात करें तो कई गांवों और छोटे कस्बों से आई लड़कियों ने टॉप किया है, जो ये दिखाता है कि अब पढ़ाई का माहौल धीरे-धीरे हर जगह बन रहा है।

साइंस स्ट्रीम टॉपर छात्र
रैंक 1     आदित्य प्रकाश अमन (समस्तीपुर)    481 अंक
रैंक 2     साक्षी कुमारी (सीतामढ़ी) और सपना कुमारी (नवादा)    479 अंक
रैंक 3     अनामिका कुमारी (बेगूसराय)    478 अंक

कॉमर्स स्ट्रीम में इन लोगों ने किया टॉप
रैंक 1  अदिति कुमारी (पटना)- 480 अंक
रैंक 2  माही कुमारी (पटना)     476 अंक
रैंक 3  निशिका श्री (पटना)     475 अंक

आर्ट्स स्ट्रीम के टॉपर्स
रैंक 1  निशु कुमारी (गया)- 479 अंक
रैंक 2  सिद्धि शिखा (सीतामढ़ी), चंद्रदीप कुमार (लखीसराय) और एमडी लकी अंसारी (पूर्णिया)- 478 अंक
रैंक 3  नसरीन प्रवीन (प. चंपारण), साजिया अंसारी (नालंदा), निसु कुमारी (दरभंगा) और आदर्श (सहरसा) 477 अंक

कहां और कैसे देखें रिजल्ट

रिजल्ट जारी होते ही ऑफिशियल वेबसाइट्स पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। कई छात्रों ने बताया कि पेज खुलने में थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई।

रिजल्ट चेक करने का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर, 'परिणाम' लिंक पर क्लिक करें।
Intermediate Annual Result 2026 लिंक पर क्लिक करें।
अपना Roll Code और Roll Number दर्ज करें।
कैप्चा भरने के बाद Submit बटन को क्लिक करें।
स्क्रीन पर आपका रिजल्ट दिख जाएगा।

छात्रों को सलाह दी जा रही है कि वे रिजल्ट डाउनलोड करके उसका प्रिंट जरूर रख लें, आगे एडमिशन या अन्य प्रक्रिया में काम आएगा।

गांवों से शहर तक दिखा उत्साह

रिजल्ट आते ही कई जगहों पर छात्रों ने मिठाई बांटी। साथ ही कहीं परिवार के साथ छोटी-सी खुशियां मनाईं। खासकर जिन छात्रों ने पहली बार परिवार में 12वीं पास की है, उनके घरों में अलग ही उत्साह नजर आया। हालांकि, कुछ छात्रों के लिए ये दिन थोड़ा निराशाजनक भी रहा। ऐसे में शिक्षक और अभिभावक उन्हें आगे की तैयारी के लिए हौसला दे रहे हैं।

आगे क्या करें छात्र?

अब रिजल्ट के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है आगे क्या करना चाहिए? जो छात्र पास हुए हैं, वे अब ग्रेजुएशन में एडमिशन की तैयारी शुरू कर सकते हैं। वहीं, जिनका रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आया, उनके लिए री-चेकिंग और कंपार्टमेंट का विकल्प भी रहेगा। थोड़ा रुककर, सोच-समझकर फैसला लेना जरूरी है क्योंकि यही समय आगे की दिशा तय करता है।