Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

BJP Bankipur Bypoll Candidate

बांकीपुर उपचुनाव में BJP का दांव, अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा।


बांकीपुर उपचुनाव में bjp का दांव अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार

Bihar Bankipur Bypoll Election |

बिहार के चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर पहले ही जन सुराज के प्रशांत किशोर और आरजेडी अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। राज्यसभा पहुंचने के बाद उन्होंने विधानसभा सदस्यता छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

युवा संगठन से निकला उम्मीदवार

अभिषेक कुमार लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष के तौर पर राजनीतिक सफर शुरू किया और मंडल मंत्री, मंडल महामंत्री, मंडल अध्यक्ष से लेकर पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष तक कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। फिलहाल वह बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और करीब 27 वर्षों से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं।

बांकीपुर में मुकाबला हुआ रोचक

बांकीपुर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार की घोषणा के साथ चुनावी तस्वीर और साफ हो गई है। जन सुराज पहले ही प्रशांत किशोर को मैदान में उतार चुका है, जबकि आरजेडी ने भी अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

30 जुलाई को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बांकीपुर समेत बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है, जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 16 जुलाई तक नाम वापस ले सकेंगे और 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Related to this topic: