Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

बिहार और UP में भीषण बाढ़

बिहार में 50 लाख लोग बाढ़ से घिरे, UP में 4 लाख प्रभावित; MP समेत कई राज्यों में अलर्ट

बिहार में 50 लाख लोग बाढ़ से घिरे हैं, उत्तर प्रदेश में 4 लाख लोग प्रभावित। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश का अनुमान।


बिहार में 50 लाख लोग बाढ़ से घिरे up में 4 लाख प्रभावित mp समेत कई राज्यों में अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अब भी बना हुआ है। बिहार में करीब 50 लाख लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में भी नदियों के उफान के कारण 26 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। वहीं उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से सड़कें बंद हो रही हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में 15 जिलों की 575 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों की 575 पंचायतों में करीब 50 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। कटिहार में हालात ऐसे हैं कि सरकारी स्कूल और कोचिंग सेंटर तक पानी में डूब गए हैं।कई जगह बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। कुछ इलाकों में शिक्षक नाव पर बैठकर बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है।

UP में 26 जिलों में बाढ़, लखीमपुर में 7 मकान नदी में बहे

उत्तर प्रदेश में भी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। राज्य के 26 जिलों में बाढ़ के हालात हैं और करीब 4 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का कटान तेज हो गया है। यहां पिछले 24 घंटे में 7 मकान नदी में समा गए। वहीं सिद्धार्थनगर में बारिश के दौरान एक दीवार भरभराकर गिर गई।मौसम विभाग ने बुधवार को यूपी के 56 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।उत्तराखंड में बारिश के साथ पहाड़ों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं जारी हैं। पिथौरागढ़ के आदि कैलाश मार्ग पर दोबाट के पास लैंडस्लाइड होने से सड़क फिर बंद हो गई है।

वहीं रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहनाकर आगे भेजा जा रहा है। कुछ दिन पहले इसी इलाके में लैंडस्लाइड की घटना में कई घोड़े-खच्चरों की मौत हुई थी। रास्ते में पड़े शवों के कारण बदबू और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी सामने आई हैं।

गुजरात में चार घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश

गुजरात में भी कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। ऊना जिले में चार घंटे के दौरान 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद 200 से ज्यादा घरों में पानी भर गया।कच्छ के मांडवी में भी पिछले 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह हुई बारिश के बाद कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं। जूनागढ़, गिर सोमनाथ, राजकोट, अमरेली, आनंद और मेहसाणा के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई।

MP में 19 सितंबर के बाद फिर एक्टिव हो सकता है सिस्टम

मध्य प्रदेश में अभी बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर के बाद प्रदेश में नया मौसम सिस्टम एक्टिव हो सकता है।इसके असर से बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 17 से 19 सितंबर और पूर्वी हिस्से में 18 से 21 सितंबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 4.3 इंच कम बारिश हुई है। ऐसे में नया सिस्टम मजबूत रहा तो बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच सकता है।

राजस्थान के 26 जिलों में यलो अलर्ट

राजस्थान में मानसून अब अंतिम दौर में है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी जारी है। मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अजमेर और पाली समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।बारिश और हवाओं के कारण कुछ शहरों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं 19 सितंबर के आसपास राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

देश में कहां कैसा मौसम?

  • बिहार: 15 जिलों की 575 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित, 26 जिलों में बारिश का अलर्ट।
  • उत्तर प्रदेश: 26 जिलों में बाढ़, करीब 4 लाख लोग प्रभावित।
  • उत्तराखंड: सभी जिलों में बारिश की संभावना, पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड।
  • गुजरात: कई इलाकों में भारी बारिश, ऊना में 8 इंच से ज्यादा बारिश।
  • मध्य प्रदेश: 19 सितंबर के बाद नए सिस्टम की संभावना।
  • राजस्थान: 26 जिलों में यलो अलर्ट, मानसून विदाई के चरण में।
  • झारखंड: 21 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान।
  • छत्तीसगढ़: बारिश की गतिविधियां कम होने से कुछ इलाकों में तापमान बढ़ा है।

Related to this topic: