जम्मू से अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 'बम-बम भोले' के जयकारों के साथ रवाना हुआ। यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी और केवल पंजीकृत श्रद्धालु ही इसमें शामिल हो सकेंगे।
जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से गुरुवार सुबह अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। इस बार केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी गई है। वहीं चारधाम यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।

सुबह 4 बजे रवाना हुआ पहला जत्था
अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जम्मू से रवाना हुआ। श्रद्धालु 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकले। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त यानी रक्षाबंधन तक चलेगी।
सिर्फ रजिस्टर्ड श्रद्धालुओं को मिली अनुमति
पहले जत्थे में केवल उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया गया जिन्होंने पहले से पंजीकरण कराया था। यात्रा के लिए RFID कार्ड और ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ट्रैकिंग बेहतर तरीके से की जा सकेगी।
करीब 4 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक लगभग 4 लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन, आवास, भोजन, बिजली-पानी और हेल्प डेस्क सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर

यात्रा को देखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में सेना, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वाहनों की लगातार जांच की जा रही है और जम्मू में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) भी सक्रिय कर दिया गया है।
चारधाम यात्रा में बद्रीनाथ ने केदारनाथ को पीछे छोड़ा
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 1 जुलाई तक बद्रीनाथ धाम में लगभग 14.5 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि केदारनाथ धाम में 13.75 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं।मई के अंत तक केदारनाथ में प्रतिदिन 25 से 28 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे, लेकिन जून के तीसरे सप्ताह से बद्रीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी। अब बद्रीनाथ में प्रतिदिन 18 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।