Breaking News
  • हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > मनोरंजन

Maatrubhumi CBFC Certificate Row

सलमान खान की 'मातृभूमि' पर सेंसर की रोक, अगस्त रिलीज पर बढ़ा सस्पेंस

सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को अभी तक CBFC से सर्टिफिकेट नहीं मिला है। पहले चीन में विरोध के बाद फिल्म का नाम बदला गया था, अब अगस्त रिलीज पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।


सलमान खान की मातृभूमि पर सेंसर की रोक अगस्त रिलीज पर बढ़ा सस्पेंस

Bollywood Movie Review |

सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि' एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार वजह इसकी रिलीज नहीं बल्कि सेंसर प्रक्रिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म का सर्टिफिकेट अगले आदेश तक जारी नहीं किया है। ऐसे में अगस्त में प्रस्तावित रिलीज पर अनिश्चितता बढ़ गई है।

फिल्म पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से रिलीज होने वाली थी, लेकिन चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विरोध के बाद इसका नाम बदलकर 'मातृभूमि' कर दिया गया। इसके बावजूद अब सेंसर सर्टिफिकेट में देरी ने निर्माताओं की चिंता बढ़ा दी है।

चीन में विरोध के बाद बदला गया था फिल्म का नाम

यह फिल्म वर्ष 2020 की गलवान घाटी झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित है। शुरुआत में इसका नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था और इसे अप्रैल में ईद के अवसर पर रिलीज किया जाना था। टीजर सामने आने के बाद चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर कुछ यूजर्स ने फिल्म की कहानी को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि' रखा गया और रिलीज अगस्त तक टाल दी गई।

CBFC से सर्टिफिकेट मिलने का इंतजार

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, CBFC ने फिलहाल फिल्म के प्रमाणन पर रोक लगा दी है। बोर्ड की ओर से अभी तक कोई अंतिम मंजूरी नहीं दी गई है। जब तक सर्टिफिकेट जारी नहीं होता, तब तक फिल्म की रिलीज डेट को लेकर असमंजस बना रहेगा।

विदेश मंत्रालय ने पहले ही किया था अपना रुख साफ

इस साल जनवरी में फिल्म को लेकर विदेश मंत्रालय से भी सवाल पूछे गए थे। उस समय यह चर्चा थी कि मंत्रालय ने फिल्म पर आपत्ति जताई है। हालांकि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया था कि फिल्मों के प्रमाणन और रिलीज से जुड़े फैसले संबंधित प्राधिकरण लेते हैं और इस प्रक्रिया में मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं होती।

कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं सलमान खान

'मातृभूमि' का टीजर 27 दिसंबर 2025 को सलमान खान के जन्मदिन पर जारी किया गया था। फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी कब मिलती है और इसकी नई रिलीज डेट क्या तय होती है।

Related to this topic: