मुंबईः महाराष्ट्र में मुंबई जिले के जुहू इलाके में बॉलीवुड के फिल्ममेकर रोहित शेट्टीके घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। ताजा कार्रवाई में छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें मेन शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है। अब इस केस में कुल 11 लोग सलाखों के पीछे हैं। सभी छह आरोपियों को मुंबई की मकोका अदालत ने 25 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
यूपी और हरियाणा STF की मदद से कार्रवाई
मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वह शख्स भी शामिल है, जिसने कथित तौर पर रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोली चलाई थी। मल्टी स्टेट को ऑर्डिनेशन की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में हमले के पीछे की साजिश और संभावित मास्टरमाइंड को लेकर अहम सुराग मिल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के बहादुरगढ़ से पकड़ा गया शूटर दीपक शर्मा विदेश में बैठे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई से सीधे संपर्क में था।
1 फरवरी को हुई थी पांच राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक 1 फरवरी को जुहू स्थित आवास के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कम से कम पांच राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
IMPPA ने सीएम फडणवीस को लिखा पत्र
घटना के बाद Indian Motion Picture Producers' Association (IMPPA) ने देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। एसोसिएशन ने इसे 'गंभीर और चिंताजनक' घटना बताते हुए कहा कि इससे फिल्म इंडस्ट्री में असुरक्षा का माहौल बन सकता है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि रोहित शेट्टी ने भारतीय सिनेमा में अहम योगदान दिया है और सामाजिक-राष्ट्रीय पहलों में भी सक्रिय रहे हैं।
IMPPA ने राज्य सरकार से निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने तथा फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा मजबूत करने की अपील की है।
जांच जारी, साजिश के तार खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमले की साजिश, फंडिंग और नेटवर्क को लेकर कई पहलुओं पर जांच आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।