RRB NTPC 2026 CBT-1 Answer Key जारी। ऐसे चेक करें स्कोर, जानें नॉर्मलाइजेशन और आपत्ति दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया।
रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट सामने आई है। RRB NTPC 2026 CBT-1 परीक्षा की आंसर की जारी हो गई है, जिससे अब अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन का सही अंदाजा लगा सकते हैं।
आंसर की जारी, ऐसे करें चेक
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने NTPC Graduate Level CBT-1 की आंसर की 6 अप्रैल 2026 को जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने 16 से 27 मार्च के बीच परीक्षा दी थी, वे अब अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ की मदद से लॉगिन कर आंसर की और रिस्पॉन्स शीट देख सकते हैं।
यह भर्ती कुल 5810 पदों के लिए हो रही है, जिसमें स्टेशन मास्टर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट जैसे अहम पद शामिल हैं।
ऐसे निकालें अपना संभावित स्कोर
आंसर की आने के बाद सबसे जरूरी है सही तरीके से स्कोर कैलकुलेट करना। CBT-1 में 100 सवाल होते हैं, हर सही जवाब पर 1 अंक मिलता है, जबकि गलत उत्तर पर 1/3 अंक कटता है। उदाहरण से समझिए पूरा गणित। मान लीजिए आपने 70 सवाल सही और 15 गलत किए, तो आपका स्कोर होगा: 70 - (15 ÷ 3) = 65 अंक। इस तरह आप घर बैठे अपना संभावित स्कोर निकाल सकते हैं।
नॉर्मलाइजेशन से बदल सकता है रिजल्ट
ध्यान रखने वाली बात यह है कि यह सिर्फ रॉ स्कोर होता है। अंतिम रिजल्ट नॉर्मलाइजेशन और पर्सेंटाइल के आधार पर तय किया जाएगा। क्योंकि परीक्षा कई शिफ्ट में हुई थी, इसलिए कठिनाई स्तर को बैलेंस करने के लिए RRB नॉर्मलाइज्ड स्कोर जारी करेगा, जो मेरिट लिस्ट तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
आंसर की पर आपत्ति कैसे करें
अगर किसी सवाल या जवाब में गलती लगती है, तो उम्मीदवार आपत्ति भी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए RRB की वेबसाइट पर लॉगिन करके “Objection Tracker” में जाकर संबंधित प्रश्न चुनना होगा और सही प्रमाण अपलोड करना होगा। हर सवाल पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 50 रुपये फीस तय की गई है।
आगे क्या करें उम्मीदवार?
आंसर की सिर्फ पहला चरण है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपना स्कोर चेक करने के बाद तुरंत CBT-2 की तैयारी शुरू कर दें, क्योंकि आगे की प्रतिस्पर्धा और भी कड़ी होने वाली है।