गेट परीक्षा पास करने वालों के लिए 25 सरकारी कंपनियों में नौकरी के मौके हैं। आईआईटी ने सूची जारी की है, इंटरव्यू के आधार पर चयन भी होता है।
इंजीनियरिंग पढ़ रहे या पढ़ चुके युवाओं के लिए गेट परीक्षा सिर्फ पढ़ाई आगे बढ़ाने का जरिया नहीं रही, अब ये सीधे नौकरी का रास्ता भी बन गई है। कई बड़े सरकारी उपक्रम ऐसे हैं जो सिर्फ गेट के नंबर के आधार पर भर्ती करते हैं, बिना अलग से लिखित परीक्षा के
गेट के बाद सिर्फ पढ़ाई नहीं, नौकरी भी
ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी गेट पास करने के बाद अभ्यर्थियों के पास दो बड़े रास्ते होते हैं। पहला, उच्च शिक्षा जैसे एमटेक या शोध, और दूसरा सीधे सरकारी कंपनियों में नौकरी। कई कंपनियां उम्मीदवारों को गेट स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट करती हैं। फिर इंटरव्यू या समूह चर्चा के जरिए चयन होता है। हर जगह नियम थोड़ा अलग हो सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में अलग से परीक्षा नहीं ली जाती।
इन कंपनियों में मिलती है नौकरी
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गुवाहाटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उन कंपनियों की सूची जारी की है। जहां समय-समय पर गेट पास अभ्यर्थियों के लिए भर्तियां निकलती रहती हैं।
इनमें कुछ प्रमुख नाम इस तरह हैं…
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड
भारत संचार निगम लिमिटेड
कोल इंडिया लिमिटेड
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स
चेनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड
दामोदर वैली कॉर्पोरेशन
इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड
गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड
हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड
माजगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड
नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड
नेशनल हाइवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया
एनएलसी इंडिया लिमिटेड
नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन
न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड
नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन
ओडिशा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन
पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड
ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड
राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड
क्यों बढ़ रही है गेट की अहमियत
सरकारी कंपनियां अब गेट स्कोर को प्राथमिकता दे रही हैं, क्योंकि इससे उन्हें पहले से तैयार और योग्य उम्मीदवार मिल जाते हैं। इससे भर्ती प्रक्रिया भी आसान हो जाती है, और समय भी बचता है। इसके साथ ही गेट पास करने वाले छात्रों को सिर्फ नौकरी ही नहीं, बल्कि आगे पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप भी मिलती है। एमटेक और पीएचडी जैसे कोर्स में दाखिले के साथ आर्थिक सहायता भी दी जाती है।