NCL ने माइनिंग सिरदार और सर्वेयर के 259 पदों पर भर्ती निकाली है। 14 जुलाई से आवेदन शुरू होंगे। जानें योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया और जरूरी तारीखें।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत माइनिंग सिरदार और सर्वेयर के कुल 259 पदों पर नियमित नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू होगी।
यह भर्ती मध्य प्रदेश के सिंगरौली और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित एनसीएल की विभिन्न खदानों और प्रतिष्ठानों के लिए निकाली गई है। माइनिंग सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
किन पदों पर होगी भर्ती
एनसीएल ने इस भर्ती अभियान में कुल 259 रिक्तियां जारी की हैं। इनमें 254 पद माइनिंग सिरदार के हैं, जिन पर चयनित उम्मीदवारों को 47,330.25 रुपये प्रतिमाह बेसिक वेतन मिलेगा। वहीं सर्वेयर (माइनिंग) के 5 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 51,103.12 रुपये प्रतिमाह बेसिक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन की तारीख और जरूरी शेड्यूल
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। उम्मीदवार 5 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। एनसीएल ने अभ्यर्थियों को अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 5 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। सरकारी नियमों के अनुसार एससी और एसटी वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तथा ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट मिलेगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 1180 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, भूतपूर्व सैनिक और विभागीय कर्मचारियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम नियुक्ति दी जाएगी। परीक्षा की तारीखों की घोषणा एनसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से की जाएगी।