कर्मचारी चयन बोर्ड ने एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है । 6525 पदों के लिए चयन सूची घोषित हो गई है। कैंडिडेट्स esb.mp.gov.in पर देखें स्कोरकार्ड।
भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। यह रिजल्ट लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के बाद घोषित किया गया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।
7500 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा
पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग के अंतर्गत आरक्षक (कार्यपालिक) के 7500 पदों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश के 11 शहरों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में आयोजित की गई थी।
इस भर्ती के लिए कुल 9,78,059 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जो राज्य की बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है।
पहले चरण से 57,985 अभ्यर्थी हुए थे चयनित
लिखित परीक्षा का परिणाम 25 जनवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसमें 57,985 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के लिए पात्र घोषित किया गया था। इसके बाद 23 फरवरी से 14 मार्च 2026 तक 10 जिलों में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई।
NEP पद्धति से तैयार हुआ फाइनल रिजल्ट
फाइनल रिजल्ट Normalised Equi-Percentile (NEP) पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण के अंकों को समाहित किया गया है। बोर्ड ने फिलहाल 6525 पदों के लिए चयन सूची जारी की है, जबकि शेष पद OBC आरक्षण से जुड़े मामलों के कारण होल्ड पर रखे गए हैं।
टॉपर्स की सूची जारी
इस परीक्षा में जबलपुर के सुनील मीना ने 169.01 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है। वहीं जबलपुर के अंकित रघुवंशी ने 166.60 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। नीमच के दीपक जाट ने 165.95 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा रीवा के आदर्श सेन और भोपाल के सूरज मसीह ने भी टॉप-5 में जगह बनाई है।

ऐसे करें रिजल्ट चेक
अभ्यर्थी निम्न स्टेप्स के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
- आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं
- “MP Police Final Result 2025” लिंक पर क्लिक करें
- अपना एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें
- सबमिट पर क्लिक करते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा
- भविष्य के लिए पीडीएफ डाउनलोड कर प्रिंट सुरक्षित रखें
यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने की संभावना है।