शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1600 अंक टूटा और निफ्टी 500 अंक गिरा। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली, HDFC बैंक शेयर 5% नीचे।
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स करीब 1600 अंक यानी 2.01% टूटकर 75,100 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 500 अंक यानी 2.08% गिरकर 23,300 के नीचे फिसल गया। बाजार में यह गिरावट मुख्य रूप से बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में भारी बिकवाली के कारण देखने को मिली, जिससे निवेशकों में सतर्कता बढ़ गई है।
तेल की कीमतों में उछाल बना बड़ी वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष अब तेल युद्ध का रूप लेता जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude की कीमत बढ़कर 113 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है.कतर के LNG प्लांट पर हमले और खाड़ी देशों में तेल-गैस ठिकानों को निशाना बनाए जाने से सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्लोबल बाजारों से मिले कमजोर संकेत
ग्लोबल स्तर पर भी बाजारों में दबाव देखने को मिला, जिसका असर भारतीय बाजार पर पड़ा। एशियाई बाजारों में कोस्पी, निक्केई, हैंगसेंग और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। इसके अलावा 18 मार्च को अमेरिकी बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए, जहां डाउ जोन्स, नैस्डैक कंपोजिट और S&P 500 इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई।
एक दिन पहले की तेजी पूरी तरह खत्म
गौरतलब है कि 18 मार्च को बाजार में तेजी देखी गई थी, जब सेंसेक्स 633 अंक चढ़कर 76,704 पर बंद हुआ था और निफ्टी 197 अंक की बढ़त के साथ 23,778 पर पहुंचा था। हालांकि, आज की गिरावट ने इस तेजी को पूरी तरह खत्म कर दिया। मौजूदा समय में बाजार पर घरेलू और वैश्विक दोनों तरह के दबाव बने हुए हैं और आने वाले दिनों में इसकी दिशा अंतरराष्ट्रीय संकेतों और निवेशकों की गतिविधियों पर निर्भर करेगी।