Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > बिजनेस

म्यूचुअल फंड की भूमिका अहम

'विकसित भारत' की नींव मजबूत करेगा म्यूचुअल फंड उद्योग

एसोचैम के शिखर सम्मेलन में बोलते हुए सेबी के सदस्य ने कहा म्यूचुअल फंड की तीन महत्वपूर्ण भूमिकाएँ हैं जो विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में मदद करेंगी।


विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा म्यूचुअल फंड उद्योग 

एसोचैम के 17वें म्यूचुअल फंड शिखर सम्मेलन में बोले- निवेशकों का भरोसा सर्वोच्च प्राथमिकता, करोड़ों परिवारों तक पहुंचना अभी बाकी 

नई दिल्ली में आयोजित एसोचैम के 17वें म्यूचुअल फंड शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्णकालिक सदस्य अमरजीत सिंह ने कहा कि घरेलू म्यूचुअल फंड उद्योग ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आज यह देश के वित्तीय बाजारों की एक महत्वपूर्ण शक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यह उद्योग अहम भूमिका निभाएगा।

तीन प्रमुख क्षेत्रों में निभा रहा अहम योगदान

अमरजीत सिंह ने कहा कि म्यूचुअल फंड उद्योग तीन महत्वपूर्ण स्तरों पर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। पहला, यह आम परिवारों को पारदर्शी और कम लागत वाले माध्यम से दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण का अवसर प्रदान करता है। दूसरा, यह देश की आर्थिक वृद्धि के लिए स्थिर और धैर्यवान घरेलू पूंजी उपलब्ध कराता है। तीसरा, सूचीबद्ध कंपनियों में महत्वपूर्ण निवेशक के रूप में बेहतर कॉरपोरेट गवर्नेंस को बढ़ावा देता है।

करोड़ों परिवारों तक पहुंचना अभी बाकी

उन्होंने कहा कि उद्योग ने अच्छी प्रगति की है, लेकिन अभी भी देश के करोड़ों परिवार म्यूचुअल फंड से नहीं जुड़े हैं। ऐसे में उत्पाद विकास, वितरण व्यवस्था और निवेशक संवाद में लगातार नवाचार की जरूरत है ताकि अधिक से अधिक लोगों को औपचारिक निवेश प्रणाली से जोड़ा जा सके।

निवेशक संरक्षण सबसे बड़ी प्राथमिकता

सेबी सदस्य ने कहा कि निवेशकों का विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उनका कहना था कि यदि एक बार निवेशकों का भरोसा टूट जाता है, तो उसे दोबारा कायम करना बेहद कठिन होता है। इसलिए निवेशक संरक्षण को उद्योग की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए।

साझा प्रयासों से बनेगा मजबूत निवेश तंत्र

अमरजीत सिंह ने विश्वास जताया कि नियामक संस्थाओं, म्यूचुअल फंड उद्योग, वितरकों, निवेशक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से ऐसा निवेश तंत्र विकसित किया जा सकता है, जो विकसित भारत 2047 की आकांक्षाओं को मजबूती प्रदान करे।

 

Related to this topic: