बदलती अर्थव्यवस्था में सोना निवेश का सुरक्षित विकल्प बनकर उभरा है। जानिए क्यों पोर्टफोलियो में गोल्ड शामिल करना जरूरी है और कौन-कौन से निवेश विकल्प उपलब्ध हैं।
ज्ञानेश पाठक
क्या आपको याद है 20 साल पहले सोने की कीमत क्या थी शायद तब हमने इसे सिर्फ शादियों और त्योहारों के लिए खरीदा था। लेकिन आज, बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था ने यह साबित कर दिया है कि सोना केवल एक आभूषण नहीं, बल्कि आपकी मेहनत की कमाई का सबसे मजबूत 'बॉडीगार्ड' है। जब शेयर बाजार में उथल-पुथल मचती है, तब यही पीली धातु आपके निवेश को डूबने से बचाती है। आइए समझते हैं कि पिछले दो दशक में सोने ने कैसे खुद को एक 'सुपर इन्वेस्टमेंट' के रूप में स्थापित किया है.
प्रदर्शन क्या सोना वाकई शेयर बाजार को टक्कर देता है पिछले 20 वर्षों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अक्सर माना जाता है कि शेयर सबसे ज्यादा रिटर्न देते हैं, लेकिन सोने का प्रदर्शन भी कम नहीं रहा है। लंबी अवधि (10-20 साल) में सोने ने सालाना 14 प्रतिशत से 18 फीसदी का लाभ दिया है, जो काफी हद तक शेयर बाजार के बराबर है। मगर खराब समय में जहाँ शेयर बाजार में 59% तक की बड़ी गिरावट देखी गई है, वहीं सोने में अधिकतम गिरावट केवल 29% तक सीमित रही। इसलिए कहा जा सकता है सोना आपके पोर्टफोलियो में उस 'ब्रेक' की तरह है जो ढलान पर आपकी गाड़ी यानी निवेश को बेकाबू होने से रोकता है।
अप्रैल 2026 की ताजा आर्थिक रिपोर्टों के अनुसार, सोने की कीमतों में पिछले एक साल में जबरदस्त उछाल (करीब 60-70 प्रतिशत) देखा गया है। यदि आप भी इस कीमती धातु में निवेश या खरीदारी की योजना बना रहे हैं, तो वर्तमान में प्रचलित मुख्य तरीके और सावधानी नीचे दी गई हैं।
भौतिक सोना : यह भारत में सबसे पारंपरिक तरीका है।
आभूषण - इसमें सोने की कीमत के साथ मेकिंग चार्ज और 3 प्रतिशत जीएसटी लगता है। ध्यान रखें कि गहनों पर अब 6 अंकों का हॉलमार्क अनिवार्य है। सिक्के और बार- यदि आप केवल निवेश के लिए खरीद रहे हैं, तो सिके या बिस्किट बेहतर हैं क्योंकि इनमें मेकिंग चार्ज कम होता है।
डिजिटल गोल्डः यह उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो बहुत छोटी रकम सेशुरुआत करना चाहते हैं। आप विभिन्न मोवाइल ऐप्स के जरिए मात्र 1 से 5 रुपए में भी सोना खरीद सकते हैं। यह 24-कैरेट शुद्ध होता है और इसे सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता है। आप जब चाहें इसे बेच सकते हैं या भौतिक सोने के रूप में होम डिलीवरी ले सकते हैं।
गोल्ड ईटीएफ और म्यूचुअल फंड शेयर बाजार के माध्यम से निवेश करने का यह एक आधुनिक तरीका है। इसमें आपको भौतिक सोना रखने की जरूरत नहीं होती, यह स्टॉक एक्सचेंज पर ट्रेड होता है। म्यूचुअल फंड गोल्ड सेविंग्स फंड के जरिए आप किस्त के रूप में भी निवेश कर सकते हैं।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड
सरकारी गारंटी के साथ निवेश का यह सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है। नया नियम (अप्रैल 2026) अब टैक्स फी लाभ केवल उन्हीं को मिलेगा जिन्होंने प्राथमिक इश्यू यानी रिजर्व बैंक से सीधे में बॉन्ड खरीदा है और उसे मैच्योरिटी तक रखा है। इसमें सोने की कीमत बढ़ने के साथ-साथ सालाना करीब 2.5 प्रतिशत ब्याज भी मिलता है।
सीधी बात - सोने को शामिल करने से आपका मुनाफा बढ़ता है और नुकसान का डर कम होता है।
डिजिटल क्रांतिः अब सोना खरीदना हुआ आसान अब सोना खरीदने के लिए लॉकर या सुरक्षा की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय निवेशक अब गोल्ड ईटीएफ की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।
बड़ा उछाल - साल 2026 में गोल्ड ईटीएफ में निवेश पिछले साल के मुकाबले 4.5 गुना (364 प्रतिशत) बढ़ गया है।
इसे बेचना आसान है- इसमें चोरी का डर नहीं है और शुद्धता की पूरी गारंटी रहती है।
बदलावः म्यूचुअल फंड के कुल निवेश में सोने की हिस्सेदारी अब 10 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
भविष्य की रणनीतिः पिछले 20 साल गवाह हैं कि सोना केवल परंपरा नहीं, बल्कि एक स्मार्ट वित्तीय फैसला है। चाहे बाजार चढे या गिरे, आपके पोर्टफोलियो में सोने की मौजूदगी आपको मानसिक शांति और वित्तीय मजबूती देती है।
याद रखें निवेश का मतलब सिर्फ पैसा बढ़ाना नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित रखना भी है। और इस काम में सोने से बेहतर कोई साथी नहीं!
सही संतुलनः 50:25:25 का जादुई फॉर्मूला
सिर्फ एक जगह पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है। आंकड़ों के अनुसार, अगर आप अपने निवेश को इस तरह बांटते हैं, तो नतीजे बेहतर मिलते हैं।
पुराना तरीका (70% शेयर + 30% डेट) इसमें गिरावट का जोखिम 40 प्रतिशत तक था।
स्मार्ट तरीका (50% शेयर + 25% डेट +25% सोना): जब सोने को शामिल किया गया, तो न केवल रिटर्न बढ़कर 13% हो गया, बल्कि जोखिम भी घटकर केवल 27 प्रतिशत रह गया।