SwadeshSwadesh

मानसून सत्र के दौरान दिल्ली जाएंगी ममता बनर्जी, विपक्षी नेताओं से करेंगी मुलाकात

Update: 2021-07-15 14:40 GMT

कोलकाता। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी मोर्चा को हवा देने का प्रयास कर रही हैं। अब वह मानसून सत्र के दौरान दिल्ली प्रवास पर रहेंगी। इस दाैरान वह राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी मोर्चा तैयार करने के लिए विपक्ष के अन्य नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं।

ममता बनर्जी ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली जाउंगी। इस दौरान कुछ नेताओं से मिलूंगी। 'उन्होंने कहा कि अगर समय दिया गया तो वह दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा वह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात करेंगी।जानकारी मिली है कि ममता बनर्जी दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर सकती हैं।

विपक्षी नेताओं से मिलेंगी - 

05 मई को मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद ममता का यह पहला दिल्ली दौरा होगा।दरअसल, पिछले कुछ दिनों में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने शरद पवार और राहुल गांधी से अलग- अलग मुलाकात की है। इन मुलाकातों के बाद भाजपा के खिलाफ विपक्ष के मोर्चेबंदी को हवा मिली है। ममता की इस कवायद को 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। तृणमूल सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक करेंगी।

Tags:    

Similar News