SwadeshSwadesh

पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन संतोषजनक, जीतीं 270 सीटें

कांग्रेस ने भी 270 जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों के जीतने का दावा करते हुए परिणाम को संतोषजनक बताया है।

Update: 2021-05-05 19:27 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होते ही अब दावों का सिलसिला शुरू हो चुका है। चूंकि, इस चुनाव में अधिकृत नहीं, समर्थित प्रत्याशी होते हैं, इसलिए सभी दल अपनी बढ़त बता रहे हैं। कांग्रेस ने भी 270 जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों के जीतने का दावा करते हुए परिणाम को संतोषजनक बताया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि पंचायत के चुनाव में पार्टी का संतोषजनक प्रदर्शन रहा है। कांग्रेस के 270 जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की है। 571 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे, वहीं 711 सीटों पर तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे।

लल्लू ने कहा कि पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर कांग्रेस के न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव पार्टी के कार्यकर्ता जीते हैं।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में न्याय पंचायत, ब्लाक व गांव स्तर तक संगठन का मजबूती के साथ निर्माण किया गया है। उसी का नतीजा है कि आज सुखद परिणाम देखने को मिल रहा है।

लल्लू ने कहा कि गांव, खेत, खलिहान, नौजवान, कानून व्यवस्था और कोरोना जैसे गंभीर विषयों पर कांग्रेस ने जो लड़ाई लड़ी है, उसका असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस को विधानसभा चुनाव 2022 में भी जनता का विश्वास और आशीर्वाद मिलेगा।

Tags:    

Similar News