SwadeshSwadesh

अयोध्या में ओवरब्रिज की दीवारों पर उकेरी जा रही प्रभु श्रीराम की जीवनलीला, देखिए तस्वीरें

अयोध्या नगर निगम की सीमा में हाइवे के सभी ओवरब्रिज और दीवारों पर प्रभु श्रीराम के बालपन से लेकर वनवास, लंका विजय, राज्याभिषेक के साथ पूरी रामायण का चित्रण किया जा रहा है।

Update: 2021-05-26 09:14 GMT

अयोध्या (ओमप्रकाश सिंह): अब आप अयोध्या में प्रवेश करेगें तो भगवान राम की जीवनलीला के चित्र आपका मन मोह लेगें। अयोध्या नगर निगम की सीमा में हाइवे के सभी ओवरब्रिज और दीवारों पर प्रभु श्रीराम के बालपन से लेकर वनवास, लंका विजय, राज्याभिषेक के साथ पूरी रामायण का चित्रण किया जा रहा है।



लखनऊ से अयोध्या होकर गोरखपुर जा रहे नेशनल हाइवे के ओवरब्रिज की दीवारों पर रंग रोगन किया जा रहा है। अयोध्या की सीमा में पड़ने वाले ओवरब्रिज और नगर की दीवारों पर प्रभुश्रीराम की लीला का मनमोहक चित्रण किया जा रहा है। रेलवे के अंडरपास पिलर्स पर भी खूबसूरत दृश्य उकेरे गए हैं। नेशनल हाइवे पर बना नया बस अड्डा भी मनभावन है।




उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प अयोध्या को विश्व का सबसे खूबसूरत नगर बनाने का है। केंद्र एवं प्रदेश सरकारों ने इसके लिए खजाने का मुंह खोल रखा है। दिक्कत सिर्फ इस बात की है कि योजनाएं तो बन रही हैं, पर लचर कार्यप्रणाली के चलते दम तोड़ दे रही हैं। राम की पैड़ी आज तक बन-बिगड़ रही है।




पर्यावरण की दृष्टि से होने वाले वृक्षारोपण की योजना अभी मूर्तरूप नहीं ले सकी है। सड़क किनारे बिजली के खंभों को हटाकर भूमिगत केबल का कार्य लंबित है। सीवरलाइन के होल एवं ढक्कन समतल न होने के कारण जानलेवा हैं। कई स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर आधी सड़क को घेरे हैं। एयरपोर्ट की रोज बनती-बिगड़ती योजना से जहां अवध विश्वविद्यालय का परिसर खत्म हो रहा है, वहीं मुआवजे की रकम को लेकर ग्रामीणों में रोष है।




टीम योगी के सदस्य डॉ. रजनीश सिंह का कहना है कि कोरोना संकट के बाद स्थिति सामान्य होने पर राममंदिर निर्माण के साथ अयोध्या के विकास की योजनाएं परवान चढ़ेंगी। अयोध्या की मनमोहक छवियों को सोशल मीडिया के प्लेटफार्मों पर चमकाने वाले फोटोग्राफर रोहित पाल एवं दिव्य दीपोत्सव के प्रमुख स्तम्भ आशीष मिश्र का कहना है कि आने वाले समय में अयोध्या वैश्विक पटल पर दैदीप्यमान होकर चमकेगी। पर्यटन और पर्यटक बढ़ने से अयोध्यावासियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।





Tags:    

Similar News