अयोध्या: दंगा कराने की बड़ी साजिश नाकाम, सात आरोपी गिरफ्तार, प्रेस वार्ता कर आईजी ने किया खुलासा
अयोध्या। गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बने अयोध्या शहर के अमन को बिगाड़ने की एक गहरी साजिश को अयोध्या पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। चौक क्षेत्र स्थित एक मस्जिद के पास धार्मिक उन्माद भड़काने की मंशा से कुरान शरीफ व मुस्लिम समुदाय के खिलाफ असभ्य टिप्पणियों से युक्त पोस्टर फेंका गया था। इस गंभीर घटना को लेकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेस वार्ता कर आईजी ने किया खुलासा
आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर इस पूरी घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी अयोध्या नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनमें से कुछ पढ़े-लिखे व सामाजिक रूप से सक्रिय भी हैं।
आरोपियों में महेश कुमार मिश्रा पुत्र शीतला प्रसाद मिश्रा, निवासी खोजनपुर, थाना कोतवाली नगर,प्रत्युष श्रीवास्तव पुत्र महेश श्रीवास्तव, निवासी आवास विकास कालोनी अमानीगंज,नितिन कुमार पुत्र ज्ञान चंद्र सिन्धी, निवासी 858 रीडगंज हमदानी कोठी,दीपक कुमार गौड़ उर्फ गुंजन पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी नाका मुरावन टोला,बृजेश पांडेय पुत्र हरीश चंद्र पांडेय, निवासी हौंसिला नगर,शत्रुघ्न प्रजापति पुत्र रामप्रसाद, निवासी सहादतगंज कुम्हार मंडी,विमल पांडेय पुत्र रामयश, निवासी उमरहर (हाल पता: ऑफिसर्स हॉस्टल, सिविल लाइन) शामिल है।
सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान
आईजी प्रवीण कुमार के अनुसार, यह पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें धार्मिक भावनाएं भड़काकर शहर का सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। परंतु मस्जिद के सचिव और इंतजामिया कमेटी की सूझबूझ से हालात बिगड़ने से बचा लिया गया। समय रहते पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने यह भी बताया कि इस षड्यंत्र में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम को जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।