राम मंदिर निर्माण के दौरान फिर मिले प्राचीन अवशेष: देवी की शेर पर सवारी वाली प्रतिमा ने किया चौंकाने वाला खुलासा…
अयोध्या। रामनगरी की पावन धरा से एक बार फिर इतिहास की गर्जना सुनाई दी है। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में कुबेर टीला मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान ऐसे प्राचीन अवशेष सामने आए हैं, जिनकी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता अपार मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक खुदाई में दो सिंहों पर सवार एक देवी की मूर्तिकृति उभरी है, जो हजारों वर्षों पुरानी प्रतीत होती है। इसके साथ ही कई स्तंभ और शिलाएं भी मिली हैं जिनमें देवी-देवताओं की विशिष्ट कलाकृतियां उकेरी गई हैं।
यह कोई पहली बार नहीं है जब राम जन्मभूमि परिसर से ऐसा कुछ प्राप्त हुआ हो। वर्ष 2023 में भी मंदिर निर्माण के दौरान खुदाई में अनेकों प्राचीन स्तंभ, मूर्तियां और शिलाएं मिली थीं, जिनका दर्शन अब श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में संभव कराया जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इन नए अवशेषों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने जो तस्वीर पोस्ट की, उसमें सभी अवशेष व्यवस्थित ढंग से रखे गए नजर आते हैं।
ट्रस्ट अब इन अवशेषों के संरक्षण की दिशा में सक्रियता से कदम उठा रहा है, ताकि सनातन आस्था का यह जीवंत इतिहास सुरक्षित रह सके। रामनगरी में मिले इन अवशेषों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और पुरातात्त्विक धरोहर का जीवंत केंद्र है।