महिलाओं की सुरक्षा करेगा यह एप

Update: 2018-07-07 11:52 GMT

महिलाओं की सुरक्षा करेगा यह एप्पबड़वानी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मोबाइल पर पैनिक बटन एप से महिलाओं को सुरक्षित करने के लिए योजना को शीघ्र ही लॉन्च किया जाएगा। डॉ कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार गृह मंत्रालय की सहायता से मोबाइल पर पैनिक बटन एप के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित करने की योजना शीघ्र ही लॉन्च कर रहा है। उन्होंने कहा कि असुरक्षित होने की स्थिति में एप का बटन दबाने पर समीपस्थ थाने पर संकेत पहुंच जाएगा और पुलिस तत्काल महिला की मदद के लिए वहां उपस्थित हो जाएगी।

इस योजना का ठीक से क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, इसके लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर को स्मार्टफोन दिए जा रहे हैं, ताकि जिला मुख्यालय, राज्य मुख्यालय तथा केंद्र से आंगनवाड़ी केंद्र की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन से जहां भारी भरकम रजिस्टर रखने से मुक्ति मिलेगी वही आसानी से रिकॉर्ड का संचय और प्रेक्षण भी हो सकेगा। उन्होंने आंगनवाड़ी भवनों की कमी के चलते बच्चों को किराए के भवनों में होने वाली परेशानी को लेकर किए गए सवाल के उत्तर में कहा कि देश भर में महिला एवं बाल विकास विभाग, मनरेगा तथा पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में साढ़े चार लाख आंगनवाड़ी केंद्र भवन बनाए जा रहे हैं, इसके अलावा अन्य शासकीय भवनों के खाली कमरों में इसे संचालित करने की भी योजना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार महिलाओं के प्रति घटने वाले अपराधों को लेकर संवेदनशील है तथा इस हेतु वन स्टॉप सेंटर आरंभ किए गए हैं, जिसमें एक ही छत के नीचे कानूनी, चिकित्सकीय तथा मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराए जाने के अलावा कुछ दिन रहने की भी व्यवस्था मौजूद होगी। इसके आगे भी आवश्यकता पड़ने पर महिला की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Similar News