प्रियंका गांधी ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना, कहा- केजरीवाल का दिल्ली मॉडल छलावा

Update: 2022-02-13 11:57 GMT

चंडीगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहाअमरिंदर सिंह की सरकार भाजपा मुख्यालय से चल रही थी। इसीलिए पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन किया गया। प्रियंका ने यह टिप्पणी रविवार को कोटकपूरा की जनसभा में की।

कांग्रेस महासचिव ने कहा पता चला था कि पंजाब की अमरिंदर सरकार बेहतर ढंग से काम नहीं कर रही है। उस सरकार का संचालन भाजपा कर रही है। इसीलिए उनको हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया। चन्नी ने 111 दिनों के कार्यकाल के दौरान बिजली समझौते रद्द करके पंजाब वासियों को सस्ती बिजली मुहैया करवाई।

प्रियंका ने कहा कि वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी गुजरात मॉडल को आगे रखकर केंद्र की सत्ता में आई लेकिन आज वह मॉडल बुरी तरह से फ्लाप हो चुका है। इसी तरह से आम आदमी पार्टी द्वारा पेश किया जा रहा दिल्ली मॉडल भी छलावा है। गुजरात व दिल्ली मॉडल केवल विज्ञापनों तक ही सीमित हैं। खुद को पंजाब की बहू करार देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पंजाब के साथ कांग्रेस तथा उनके परिवार की हमेशा से सांझ रही है। पंजाब में जब-जब कांग्रेस आई है तब-तब यहां विकास की बात हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले 111 दिनों के भीतर चन्नी सरकार ने कई अभूतपूर्व फैसले लेकर इस देश के लिए मॉडल पेश किया है।

Tags:    

Similar News