SwadeshSwadesh

महाराष्ट्र : रिटायर्ड नेवी अधिकारी की पिटाई करने वाले शिवसेना नेताओं को पुलिस ने दी जमानत

Update: 2020-09-12 08:55 GMT

मुंबई। मुंबई में नौसेना के पूर्व अधिकारी की की पिटाई करने वाले शिवसेना नेता कमलेश कदम और पांच अन्य आरोपियों को जमानत मिल गई है। समता नगर पुलिस स्टेशन से सभी को जमानत दे दी गई है। मुंबई पुलिस ने नौसेना के पूर्व अधिकारी पर हुए हमले के सिलसिले में इन्हें गिरफ्तार किया था। शिवसेना के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नेवी से रिटायर्ड 65 वर्षीय अफसर ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर एक कार्टून फॉरवर्ड किया था।

मुंबई के समता नगर पुलिस स्टेशन में कमलेश कदम और उनके 8-10 साथियों के खिलाफ नौसेना के पूर्व अधिकारी की पिटाई करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद पुलिस ने कदम समेत अभी तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इस बीच ट्विटर पर इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित शिवसेना के कार्यकर्ताओं द्वारा बुजुर्ग रिटायर्ड अधिकारी की पिटाई होते देखा जा सकता है। इस वीडियो को कांदिवली ईस्ट से विधायक अतुल भटखालकर ने शेयर किया है।

दरअसल, पूर्व नेवी ऑफिसर का नाम मदन शर्मा है और उन पर आरोप है कि उन्होंने एक कार्टून को व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड कर दिया था। पूर्व नेवी ऑफिसर ने कहा- 'एक मैसेज जिसे मैने फॉरवर्ड किया था, उसके बाद मेरे पास धमकियां भरी कॉल्स आ रही थीं। आज करीब 8-10 लोगों ने मुझ पर हमला कर दिया और बुरी तरह से पिटाई की। मैंने पूरा जीवन राष्ट्र के लिए काम किया है। ऐसी सरकार नहीं होनी चाहिए। "

पूर्व नेवी ऑफिसर की बेटी डॉक्टर शीला शर्मा ने कहा, 'उनके पास मैसेज फॉरवर्ड करने के बाद धमकी भरी कॉल्स आईं। शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं ने उनकी बुरी तरह से पिटाई की। उसके बाद पुलिस हमारे घर आई और हमारे पिता को अपने साथ लेकर गई। हमने एक एफआईआर दर्ज कराई है।'

इधर, पूर्व नेवी ऑफिस पर हमले को लेकर बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे सरकार पर ट्वीट कर हमला बोला है। फडणवीस ने कहा, 'काफी दुखद और अचंभित करने वाली घटना। रिटायर्ड नेवी ऑफिसर की सिर्फ इसलिए पिटाई की गई क्योंकि व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड किया था। कृप्या गुंडा राज रोकिए उद्धव जी। हम ऐसे गुंडों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग करते हैं।'

Tags:    

Similar News