SwadeshSwadesh

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस गदगद, 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर मिली जीत

Update: 2021-11-02 09:12 GMT

शिमला। हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। सभी चारों सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए सतारूढ़ भाजपा को झटका दिया। कांग्रेस ने मंडी लोकसभा और जुब्बल कोटखाई सीटों को भाजपा से छीना, वहीं अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीटों पर अपना कब्जा कायम रखा। मुख्यमंत्री के गृह जिला वाली मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह आठ हजार से अधिक मतों वे विजयी रहीं।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के खुशाल ठाकुर को मात दी। प्रतिभा सिंह दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मंडी सीट चार लाख पांच हजार मतों के अंतर से जीती थी। तब भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने कांग्रेस के आश्रय शर्मा को हराया था। इस सीट पर भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के कारण उपचुनाव करवाए गए हैं।

इस उपचुनाव की सबसे चर्चित सीट बनी जुब्बल कोटखाई में कांग्रेस के रोहित ठाकुर ने निर्दलीय उम्मीदवार चेतन बरागटा को छह हजार से अधिक मतों से पराजित किया। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार नीलम सरैइक तीन हजार मत भी नहीं ले पाईं और उनकी जमानत जब्त हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के कारण रिक्त हुई अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संजय अवस्थी विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रत्न सिंह पाल को लगभगत तीन हजार मतों से हराया। फतेहपुर पर सहानुभूति लहर चली और दिवंगत कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के बेटे एवं कांग्रेस उम्मीदवार भवानी सिंह पठानिया ने भाजपा के बलदेव ठाकुर को साढ़े पांच हजार के करीब मतों से पराजित किया।सनद रहे कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जुब्बल कोटखाई और कांग्रेस ने अर्की और फतेहपुर सीट जीती थी।

इस उपचुनाव में क्लीन स्वीप से कांग्रेस गदगद है। ये जीत कांग्रेस के लिए 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में टॉनिक का काम करेगी तथा पार्टी को इस जीत से मनोवैज्ञानिक लाभ मिलेगा। दूसरी तरफ उपचुनाव में करारी हार ने सताधारी भाजपा को हिला कर रख दिया है तथा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ताविरोधी लहर का सामना करना पड़ सकता है।

उपचुनाव परिणाम पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वह जनमत को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा हार पर चिंतन और मंथन करेगी और आगे की रूपरेखा बनाई जाएगी तथा जो भी कमी रही है, उसकी भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की जीत के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

Tags:    

Similar News