SwadeshSwadesh

सरकारी हेलीकॉप्टर का उपयोग कर फंसे भगवंत मान, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

भाजपा-शिअद ने लगाए सरकारी धन के दुरूपयोग के आरोप

Update: 2022-04-07 14:04 GMT

चंडीगढ़। सरकारी हेलीकॉप्टर का गैर सरकारी कामों में इस्तेमाल किए जाने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर विरोधी पार्टियों ने हमला बोल दिया है। विरोधी नेता हिमाचल प्रदेश में सरकारी हेलीकॉप्टर पर पहुंचे मान की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर शेयर करके उन पर सरकारी धन का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही इस मुद्दे पर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भगवंत मान की एक तस्वीर जमकर वायरल हो रही है। तस्वीर में उनके पीछे पंजाब सरकार का हेलीकाप्टर दिखाई दे रहा है। शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने इसे सरकारी पैसे की बर्बादी बताया है। 

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कल तक भगवंत मान कहते थे कि चरणजीत चन्नी हेलीकॉप्टर से नहीं उतरते। वह हर जगह पंजाब सरकार के पैसे पर घूम रहे हैं। वही भगवंत मान आज अरविंद केजरीवाल के साथ पार्टी प्रचार के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर पंजाब के पैसे का गैर सरकारी कामों में इस्तेमाल कर रहे हैं। उधर दिल्ली के भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने भी ट्वीट कर कहा कि पंजाब कर्जे में है लेकिन भगवंत मान और केजरीवाल हिमाचल की चुनावी सैर कर अपने शौक पूरे कर रहे हैं। 

अकाली दल ने भी केजरीवाल और मान के हिमाचल दौरे की एक तस्वीर ट्वीटर पर शेयर की है। पार्टी प्रवक्ता मोहित गुप्ता ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री की सुरक्षा और हेलीकॉप्टर का कौन खर्च उठा रहा हैं? गुप्ता ने आरोप लगाया कि जनता का पैसा पंजाब की भलाई पर ना लगा कर अन्य कामों में फूंका जा रहा है और फिर भी ये नेता खुद को क्रांतिकारी बता रहे हैं। 

सिद्धू ने लगाए आरोप - 

पंजाब कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी ट्वीट कर पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जोरदार हमला बोला है। सिद्धू ने लिखा, ''मुख्यमंत्री मान हिमाचल की ठंडी हवाओं में घूम रहे हैं। पंजाब में रोजाना तीन से चार कत्ल हो रहे हैं। पंजाब के लोगों में दहशत का माहौल है। मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।''

Tags:    

Similar News